यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद गुरुवार को क्रिप्टोकरेंसी के प्राइसेज में बड़ी गिरावट आई। सबसे प्रमुख क्रिप्टो बिटकॉइन भी इस गिरावट की आंधी में खुद को बचा नहीं सका। इसका भाव करीब 10 फीसदी लुढ़कर 34,618 डॉलर पर आ गया। हालांकि, बाद में गिरावट 8 फीसदी से थोड़ी ज्यादा रह गई। दरअसल, यूक्रेन पर हमले के बाद इनवेस्टर्स के बीच डर है। एसेट की कीमतों में गिरावट आई है।
इथेरियम ब्लॉकचेन (ethereum blockchain) से लिंक ईथर (Ether) का प्राइस भी लगभग 10 फीसदी गिरकर 2,373 डॉलर पर आ गया। डॉगकॉइन (Dogecoin) 12 फीसदी और शिबा इनू (Shiba Inu) में 10 फीसदी गिरावट आई। सोलाना (Solana), XRP, टेर्रा (Terra), अवालांचे (Avalanche), स्टेलर (Stellar), कारडानो (Cardano), पोलिगोन (Polygon), पोल्काडॉट (Polkadot) में 8 से 15 फीसदी की गिरावट आई।
क्या आपको क्रिप्टो में इनवेस्ट करना चाहिए?
जहां क्रिप्टो में बड़ी गिरावट से इसमें पैसे लगाने वाले निराश हैं, वहीं कई नए इनवेस्टर्स इसे खरीद के मौके के रूप में देख रहे हैं। सवाल है कि क्या आपको लो लेवल पर क्रिप्टो में इनवेस्ट करना चाहिए? एक्सपर्ट्स का कहना है कि पहले से माना जा रहा था कि अगर यूक्रेन पर रूस हमला करता है तो क्रिप्टो में बड़ी गिरावट आएगी। इसलिए आज आई गिरावट अप्रत्याशित नहीं है।
क्रिप्टोकरेंसी अकेला ऐसा एसेट क्लास नहीं है, जिसमें गिरावट आई है। दुनियाभर के स्टॉक्स मार्केट में भी बड़ी गिरावट आई है। अच्छी बात यह है कि क्रिप्टो एसेट क्लास में कोई बुनियादी बदलाव नहीं आया है। इसलिए इस गिरावट की जल्द भरपाई हो जाने की उम्मीद है। अगर हम पिछले अनुभव को देखें तो 2020 में कोरोना की महामारी शुरू होने के बाद भी क्रिप्टो में बड़ी गिरावट आई थी। लेकिन, एक-डेढ़ साल में इसने शानदार रिकवरी दिखाई। इसलिए जो इनवेस्टर्स क्रिप्टो में पैसे लगाने के बारे में सोच रहे थे, उनके लिए यह खरीदारी का अच्छा मौका है।
अगर आप क्रिप्टो में पैसा लगाना चाहते हैं तो आपको मजबूत फंडमेंटल वाली क्रिप्टो में ही पैसे लगाने चाहिए। बिटकॉइन और इथेरियम आपके लिए अच्छा ऑप्शन है। हालांकि, आपको यह ध्यान रखना होगा पिछले 5 महीनों में क्रिप्टो में बड़ी गिरावट आई है। इसलिए इससे आपको पहले जैसे रिटर्न की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। करीब पांच महीने में क्रिप्टोकरेंसीज का मार्केट कैप करीब आधा 1.5 लाख करोड़ डॉलर रह गया है। नवंबर में इसका मार्केट कैप 3 लाख करोड़ डॉलर था।