Sovereign Gold Bond Scheme: केंद्र सरकार का सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम 29 नवंबर को खुला और 3 दिसंबर को बंद होगा। इन 5 दिनों में आपको सस्ता गोल्ड खरीदने का मौका मिल रहा है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड अक्टूबर 2021 से लेकर मार्च 2022 के बीच चार चरणों में बेचा जाएगा। इस स्कीम में RBI सरकार की तरफ से गोल्ड के मार्केट प्राइस के आधार पर बॉन्ड जारी करती है।
क्या है सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) स्कीम 2021-2022-सीरीज VIII का इश्यू प्राइस?
फाइनेंस मिनिस्ट्री ने बताया कि Sovereign Gold Bond Scheme में 1 ग्राम गोल्ड का भाव 4791 रुपए तय किया गया है। इस स्कीम में निवेश करने का एक फायदा ये भी है कि अगर आप ऑनलाइन पेमेंट करते हैं तो 50 रुपए का डिस्काउंट मिलेगा। यानी ऑनलाइन पेमेंट करने के बाद आपको 1 ग्राम गोल्ड के लिए 4741 रुपए चुकाना होगा।
RBI की गाइडलाइंस के मुताबिक, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड्स का इस्तेमाल गिरवी रखकर लोन लेने के लिए भी किया जा सकता है। कोई भी इंडिविजुअल निवेशक ज्यादा से ज्यादा 4 किलो सोना खरीद सकता है। जबकि हिंदू अनडिवाइडेट फैमिली (HUF) भी एक फाइनेंशियल ईयर में ज्यादा से ज्यादा 4 किलो यानी 4000 बॉन्ड्स खरीद सकता है। ट्रस्ट और दूसरे ऑर्गेनाइजेशन के लिए यह लिमिट 20 किलो है।
क्या गोल्ड बॉन्ड में निवेश करना ठीक है?
Millwood Kane International के फाउंडर और CEO निशा भट्ट ने कहा कि सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के आठवें चरण में 4791 रुपए प्रति ग्राम का रेट फिक्स हुआ है। गोल्ड में सुरक्षित निवेश करने का यह बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि इस महीने की शुरुआत में गोल्ड का भाव 9 महीने के हाइएस्ट लेवल पर पहुंच गया था। लेकिन पिछले कुछ सेशन से गोल्ड सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। कोरोनावायरस संक्रमण के नए वेरिएंट Omicron के फैलने के कारण चिंता बढ़ी है। इसके साथ ही डॉलर के कमजोर होने से गोल्ड की कीमतों में और तेजी आ सकती है। हालांकि दुनिया भर के देशों में आर्थिक स्थिति बेहतर होने, ब्याज दर बढ़ने से गोल्ड की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (Sovereign Gold Bond Scheme) की परिपक्वता अवधि 8 सालों की होगी। इसमें 5 साल बाद अगले ब्याज भुगतान की तारीख पर बॉन्ड से निवेश निकालने का भी विकल्प होगा। इसमें आप 1 ग्राम सोने की खरीदारी से निवेश कर सकते हैं। इस इश्यू में 2.5 फीसदी सालाना की दर से ब्याज मिलेगा। ये ब्याज हर 6 महीने में आपके अकाउंट में क्रेडिट हो जाएगा।