Sukanya Samriddhi Yojana: अगर आप भी अपनी बेटी के लिए निवेश की प्लानिंग कर रहे हैं तो सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) एक बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। SSY मोदी सरकार की बेटियों के नाम से शुरू की गई स्कीम है। इसमें बेटी के 21 साल होने पर मैच्योरिटी की रकम मिलती है। स्माल सेविंग्स स्कीम में यह सबसे ज्यादा ब्याज देने वाली स्कीम है। यह स्कीम लंबी अवधि के निवेश को बढ़ावा देती है। बेटियों के नाम पर चल रही इस योजना में आपके पैसे 3 गुना बढ़ने की पूरी गारंटी है।
इस योजना की खास बात यह है कि इसमें 250 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है। इसमें ब्याज भी अन्य योजनाओं के मुकाबले अच्छी मिलती है। इसके साथ ही टैक्स छूट में लाभ भी मिलता है।
सरकार सुकन्या स्मृद्धि योजना पर 7.6 फीसदी सालाना दर से ब्याज दे रही है। एक फाइनेंशियल ईयर में ज्यादा से ज्यादा 1.5 लाख रुपये निवेश किए जा सकते हैं। वहीं, अकाउंट ओपन होने के बाद अगर किसी भी फाइनेंशियल ईयर में कम से कम 250 का निवेश नहीं किया जाता है, तो 50 रुपये का जुर्माना लग जाएगा। अगर आपकी बेटी की उम्र 10 साल से कम है, तो उसके नाम पर SSY Account खुलवाया जा सकता है। योजना की मेच्योरिटी 21 साल तक है। लेकिन पैरेंट्स को 14 साल तक ही पैसे जमा करना है। बाकी बचे साल के लिए ब्याज जुड़ता रहता है। इस योजना के जरिए 64 लाख रुपये तक रकम जुटाई जा सकती है।
जानिए कब निकाल सकते हैं पैसे
इसमें जमा कराए गए पैसे को बिटिया के 18 साल की होने तक निकलवाया नहीं जा सकता। 18 साल के बाद भी इस स्कीम से कुल राशि का 50 फीसदी हिस्सा ही निकाला जा सकता है। बेटी के 21 साल के होने पर पूरा पैसा मिल जाएगा। पैसा एकमुश्त या फिर किश्तों (instalments) में मिल सकता है। एक साल में एक ही बार पैसा मिलेगा। अधिकतम पांच साल तक किश्त में पैसे ले सकते हैं।
क्या अकाउंट को ट्रांसफर कर सकते हैं ?
सुकन्या समृद्धि योजना के अकाउंट को खुलवाने के बाद भारत में कहीं भी ट्रांसफर कर सकते हैं। अगर अभिभावक अपने निवास बदलने का सबूत देते हैं तो फ्री में उनका अकाउंट ट्रांसफर कर दिया जाएगा। अगर इस तरह का कोई सबूत नहीं दिखाया गया तो अकाउंट ट्रांसफर के लिए पोस्ट ऑफिस या बैंक को 100 रुपये फीस चुकाना पड़ेगा जहां खाता खोला गया है।