ITR Filing 2026: खेती से सुकन्या समृद्धि तक... इन 10 कमाई पर नहीं लगता कोई भी टैक्स

ITR Filing 2026: सैलरी, बिजनेस और निवेश से होने वाली ज्यादातर कमाई पर टैक्स लगता है। लेकिन कुछ इनकम ऐसी भी हैं जो पूरी तरह या तय शर्तों के साथ टैक्स-फ्री रहती हैं। ITR भरने से पहले इन 10 टैक्स-फ्री इनकम के बारे में जान लेना फायदेमंद रहेगा।

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 5:23 PM
रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने पर मिलने वाली ग्रेच्युटी पर भी टैक्स छूट मिलती है।

ITR Filing 2026: नौकरी करने वालों की सैलरी से हर साल टैक्स कटता है। बिजनेस करने वालों को भी अपनी कमाई पर टैक्स देना पड़ता है। ऐसे में बहुत से लोगों को लगता है कि जो भी पैसा कमाया जाए, उस पर टैक्स देना ही होगा। लेकिन ऐसा नहीं है।

इनकम टैक्स कानून कुछ तरह की कमाई को पूरी तरह टैक्स के दायरे से बाहर रखता है। कुछ मामलों में सरकार बचत को बढ़ावा देने के लिए छूट देती है, तो कुछ मामलों में सामाजिक कारणों से टैक्स नहीं लिया जाता। अगर आपको इन नियमों की जानकारी है, तो आप बेहतर तरीके से फाइनेंशियल प्लानिंग कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसी 10 कमाई के बारे में, जिन पर आमतौर पर टैक्स नहीं लगता।

1. खेती से होने वाली कमाई


भारत में खेती और उससे जुड़े धंधों से होने वाली कमाई पर आमतौर पर इनकम टैक्स नहीं लगता। हालांकि सिर्फ जमीन का मालिक होना काफी नहीं है। कमाई वास्तव में खेती से होनी चाहिए।

2. PPF का ब्याज और मैच्योरिटी अमाउंट

PPF उन चुनिंदा निवेश योजनाओं में शामिल है, जहां टैक्स का सबसे ज्यादा फायदा मिलता है। इसमें मिलने वाला ब्याज टैक्स-फ्री होता है। 15 साल बाद मैच्योरिटी पर मिलने वाला पूरा पैसा भी टैक्स के दायरे में नहीं आता।

3. सुकन्या समृद्धि योजना का रिटर्न

बेटियों के लिए शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना भी टैक्स के लिहाज से काफी आकर्षक है। इस योजना में मिलने वाला ब्याज टैक्स-फ्री होता है। मैच्योरिटी पर मिलने वाली पूरी रकम पर भी कोई टैक्स नहीं लगता।

4. EPF से निकाले गए पैसे

नौकरीपेशा लोगों के लिए EPF सबसे बड़ी रिटायरमेंट सेविंग स्कीम में से एक है। अगर आपने लगातार 5 साल या उससे ज्यादा नौकरी की है, तो EPF से निकाले गए पैसे पर आमतौर पर टैक्स नहीं देना पड़ता। लेकिन, 5 साल से पहले पैसा निकालने पर अलग नियम लागू हो सकते हैं।

5. लाइफ इंश्योरेंस का क्लेम

अगर किसी पॉलिसीधारक की मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को मिलने वाला लाइफ इंश्योरेंस क्लेम पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है। कई मामलों में पॉलिसी पूरी होने पर मिलने वाला मैच्योरिटी अमाउंट भी टैक्स के दायरे में नहीं आता। हालांकि कुछ हाई-वैल्यू पॉलिसियों के लिए अलग नियम लागू हैं।

6. विरासत में मिली प्रॉपर्टी

अगर आपको माता-पिता या किसी रिश्तेदार से वसीयत के जरिए मकान, जमीन, नकदी या दूसरी संपत्ति मिलती है, तो उस पर इनकम टैक्स नहीं लगता। भारत में फिलहाल Inheritance Tax भी नहीं है। हालांकि बाद में उस प्रॉपर्टी को बेचने पर कैपिटल गेन टैक्स लग सकता है।

7. रिश्तेदारों से मिले गिफ्ट

माता-पिता, पति या पत्नी, भाई-बहन और कानून में तय दूसरे करीबी रिश्तेदारों से मिले गिफ्ट पर टैक्स नहीं लगता। रकम कितनी भी हो, यह छूट लागू रहती है। हालांकि गैर-रिश्तेदारों से मिले बड़े Gift पर टैक्स लग सकता है।

8. स्कॉलशिप का पैसा

पढ़ाई या रिसर्च के लिए मिलने वाली स्कॉलशिप पूरी तरह टैक्स-फ्री होती है। यानी अगर किसी छात्र को पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद मिलती है, तो उसे उस पैसे पर टैक्स नहीं देना पड़ता।

9. ग्रेच्युटी की रकम

रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने पर मिलने वाली ग्रेच्युटी पर भी टैक्स छूट मिलती है। सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए नियम अलग-अलग हो सकते हैं। लेकिन तय सीमा तक मिलने वाली रकम पर टैक्स नहीं लगता।

10. कुछ खास मुआवजे और सहायता

कुछ हालात में मिलने वाले मुआवजे पर भी टैक्स नहीं लगता। इसमें शहीद सैनिकों के परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता, कुछ सरकारी पुरस्कार, दुर्घटना या मौत के बाद मिलने वाले कुछ मुआवजे और विशेष राहत राशि शामिल हो सकती है।

हर कमाई नहीं होती टैक्स-फ्री

कई लोग समझते हैं कि FD के ब्याज पर टैक्स नहीं लगता, लेकिन ऐसा नहीं है। किराये, से होने वाली कमाई भी टैक्स के दायरे में आती है। फ्रीलांसिंग, यूट्यूब, ब्लॉगिंग या दूसरी ऑनलाइन कमाई भी अपने आप टैक्स-फ्री नहीं हो जाती।

टैक्स-फ्री का मतलब यह नहीं है कि हर मामले में अपने आप छूट मिल जाएगी। कई जगह शर्तें लागू होती हैं। इसलिए कोई बड़ा निवेश या टैक्स प्लानिंग करने से पहले नियमों की जांच जरूर कर लें। सही जानकारी आपको कानूनी तरीके से टैक्स बचाने और बेहतर फाइनेंशियल फैसले लेने में मदद कर सकती है।

Gold Price: सोने में आएगी तूफानी तेजी! JP मॉर्गन ने कहा- 6 महीने में 40% बढ़ सकता है भाव

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।