जियोफाइनेंस ऐप के जरिए अब बैंकों और एनबीएफसी के फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में निवेश किया जा सकता है। यह मोबाइल ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों यूजर्स के लिए है। यूजर्स इस ऐप पर अलग-अलग बैंकों और एनबीएफसी के एफडी के इंटरेस्ट रेट्स सहित दूसरी जानकारियां हासिल कर सकते हैं। इससे एफडी में निवेश का फैसला लेने में आसानी होगी।
इन बैंकों के फिक्स्ड डिपॉजिट में कर सकते हैं निवेश
JioFinance ने यूनियन स्मॉल फाइनेंस बैंक, सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनंस, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और महिंद्रा फाइनेंस से समझौता किया है। ये बैंक अलग-अलग पीरियड के एफडी पर सालाना 8.15 फीसदी तक इंटरेस्ट ऑफर कर रहे हैं। कई लोग बैंकों के फिस्क्ड डिपॉजिट में पैसा रखना पसंद करते हैं। उन्हें यह सुरक्षा के लिहाज से सही लगता है।
ऐप के डैशबोर्ड पर एफडी के बारे में हर जानकारी उपलब्ध
जियो फाइनेंस प्लेटफॉर्म एंड सर्विस के सीईओ सुरभे एस शर्मा ने कहा, "हमने यूजर्स को कई बैंकों के एफडी में निवेश का विकल्प दिया है। वे अपने लाइफ गोल के हिसाब से इस बारे में फैसला ले सकते हैं। एफडी देश में सेविंग्स का लोकप्रिय विकल्प बना हुआ है। लेकिन, यूजर्स को अक्सर अलग-अलग बैंकों के एफडी की तुलना करने, रेट्स को समझने और अपने डिपॉजिट को ट्रैक करने में दिक्कत आती है।"
कुछ ही मिनट में बुक हो जाएगा फिक्स्ड डिपॉजिट
इस ऐप में एक यूनिफायड डैशबोर्ड है। इसके जरिए चल रहे और बंद हो चुके फंड को ट्रैक किया जा सकता है। रिटर्न, मैच्योरिटी डेट और रिन्यूअल्स के रिमाइंडर को देखा जा सकता है। यूजर्स टैक्स, लॉक-इन, अवधि, नियम और शर्तें आदि के बारे में भी जानकारी हासिल कर सकते हैं। यह डिजिटल एंड-टू-एंड प्रोसेस को सपोर्ट करता है। इससे कुछ ही मिनट्स में बगैर किसी रुकावट के एफडी बुक हो जाता है।
ऐप पर यूपीआई, डिजिटल बैंकिंग, लोन, सेविंग्स, इनवेस्टमेंट्स सुविधाएं उपलब्ध
जियोफाइनेंस रिलायंस ग्रुप की फाइनेंशियल इकाई है। यह यूपीआई, डिजिटल बैंकिंग, लोन, सेविंग्स, इनवेस्टमेंट्स, इंश्योरेंस और वैल्थ ट्रैकिंग के लिए एक यूनिफायड प्लेटफॉर्म है। इसने हाल में बैंक एफडी बुक करने की सुविधा भी शुरू कर दी है। यूजर्स इस प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग बैंकों के एफडी और उनके इंटरेस्ट रेट्स की जानकारी हासिल कर सकते हैं।