11 मार्च 2022 को समाप्त हफ्ते में भारतीय बाजारों में अच्छी रिकवरी देखने को मिली और यह 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त लेकर बंद होने में कामयाब रहे। पिछले हफ्ते बीएसई सेंसेक्स 1,216.49 अंक यानी 2.23 फीसदी की बढ़त के साथ 55,550.3 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 50 385.15 अंक यानी 2.37 फीसदी की बढ़त के साथ 16,630.5 के स्तर पर बंद हुआ था।
जानिए आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल
Kotak Securities के सहज अग्रवाल का कहना है कि निफ्टी में 15900 के लेवल से मजबूत उछाल देखने को मिला है। जिससे संकेत मिलता है कि बाजार में गिरावट में अच्छी खरीदारी हुई है और नियरटर्म में भी यह रणनीति कामयाब रहेगी। उम्मीद है कि मार्च सीरीज में बाजार पॉजिटिव रूझान के साथ कारोबार करेगा और इसका इनीशियल टार्गेट 17,100-17,200 का नजर आ रहा है। दिग्गजों के साथ ही आगे छोटे-मझोले शेयरो में भी तेजी देखने को मिलेगी। इस समय NBFC और FMCG सेक्टर का रिस्क रिवॉर्ड रेश्यो अच्छा नजर आ रहा है। हालांकि मेटल स्टॉक काफी वॉलैटाइल जोन में है ऐसे में इनमें काफी जोखिम है।
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते कच्चे तेल के साथ ही कुछ दूसरी कमोडिटी की कीमतें काफी वोलैटाइल रही हैं और इनमें काफी बढ़त भी आ चुकी है। नियर टर्म में एनर्जी की कीतमों में बढ़ोतरी और इसके चलते बढ़ती महंगाई बाजार की दिशा को निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाएंगी। ऐसे में बाजार की नजर फेडरल रिजर्व की मीटिंग के नतीजों पर लगी रहेंगी।
Geojit Financial Services के विनोद नायर का कहना है कि बाजार की नजर कमोडिटी की कीमतों और रूस और यूक्रेन के युद्ध को समाप्त करने के लिए हो रही कूटनीतिक कोशिशों पर रहेंगी। अगर यह ग्लोबल ट्रेंड पॉजिटिव हो जातें है तो भारतीय बाजार के प्रदर्शन में मजबूती देखने को मिलेगी और अगर ऐसा नहीं होता है तो बाजार में भारी उठापटक देखने को मिलेगी। इसके अलावा बाजार की नजर अमेरिका और भारत के महंगाई आंकड़ो और बैंक ऑफ इंग्लैंड, बैंक ऑफ जापान और यूएस फेड की बैठकों के नतीजों पर रहेगी।
Kotak Securities के अमोल अठावले का कहना है कि इंडेक्स पुलबैक रैली का एक चरण पूरा कर चुका है। बाजार से अभी इस तरह के संकेत मिल रहे हैं कि यह नियर टर्म में दायरे में घूमता नजर आ सकता है। ट्रेडरों के लिए 16,400 और 16,300 पर अहम सपोर्ट नजर आ रहा है। वहीं 16800 पर रजिस्टेंस नजर आ रहा है। अगर निफ्टी इसके ऊपर बंद होने में कामयाब रहता है तो फिर इसमें हमें 17,000 का स्तर देखने को मिल सकता है। जब तक निफ्टी 16300 के नीचे नहीं फिसलता है तब तक इसमें तेजी की उम्मीद कायम रहेगी।