MGNREGA : मनरेगा मजदूरों के लिए खुशखबरी, केंद्र सरकार ने अलग-अलग राज्यों के लिए बढ़ाई मजदूरी दर

केंद्र सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन के तहत मजदूरों के वेतन में 7 रुपये से लेकर 26 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है और नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी। पिछले वर्ष की दरों की तुलना में राजस्थान में मजदूरी में सबसे अधिक प्रतिशत वृद्धि की गई है

अपडेटेड Mar 26, 2023 पर 4:25 PM
Story continues below Advertisement
केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरों के वेतन में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके तहत हरियाणा में सबसे अधिक दैनिक मजदूरी 357 रुपये प्रति दिन और मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सबसे कम 221 रुपये तय की गई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 24 मार्च को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी दरों में बदलाव को लेकर एक नोटिफिकेशन जारी किया है। इसके तहत मजदूरों के वेतन में 7 रुपये से लेकर 26 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है और नई दरें 1 अप्रैल से लागू होंगी।

राजस्थान में मजदूरी सबसे ज्यादा बढ़ी

यह नोटिफिकेशन महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) 2005 की धारा 6 (1) के तहत जारी की गई। इसमें कहा गया है कि केंद्र अधिसूचना द्वारा अपने लाभार्थियों के लिए मजदूरी दर तय कर सकता है। पिछले वर्ष की दरों की तुलना में राजस्थान में मजदूरी में सबसे अधिक प्रतिशत वृद्धि की गई है। राजस्थान के लिए संशोधित वेतन 255 रुपये प्रति दिन तय किया गया है, जो 2022-23 में 231 रुपये था।


बिहार और झारखंड में योजना के तहत मजदूरों के वेतन में पिछले साल की तुलना में लगभग 8 फीसदी की वृद्धि की गई है। पिछले साल, इन दोनों राज्यों में दैनिक मजदूरी 210 रुपये थी, जिसे अब 228 रुपये कर दिया गया है।

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में सबसे कम मजदूरी

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में सबसे कम दैनिक मजदूरी 221 रुपये है। इसमें पिछले वर्ष की तुलना में 17 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। 2022-23 में दोनों राज्यों में मजदूरों का दैनिक वेतन 204 रुपये था। राज्यों के लिए मजदूरी में वृद्धि दो से 10 फीसदी के बीच की गई है। सबसे कम फीसदी वृद्धि दर्ज करने वाले राज्यों में कर्नाटक, गोवा, मेघालय और मणिपुर शामिल हैं।

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना एक फ्लैगशिप प्रोग्राम है जिसका मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की सुरक्षा को बढ़ाना है। इसके तहत हर परिवार को एक वित्तीय वर्ष में कम से कम 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।