NPS Pension Calculator: हर महीने ₹5000 जमा करने पर कितनी पेंशन बनेगी? समझिए पूरा कैलकुलेशन

NPS Pension Calculator: NPS में हर महीने ₹5,000 जमा करके 30 साल में करीब ₹1.13 करोड़ का फंड बन सकता है। इसमें 60% रकम एकमुश्त मिल सकती है, जबकि बाकी से पेंशन बनेगी। जानिए निवेश, रिटायरमेंट फंड और मासिक पेंशन का पूरा हिसाब।

अपडेटेड Oct 28, 2026 पर 3:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पेंशन की रकम इस बात पर निर्भर करती है कि रिटायरमेंट के समय एन्युटी पर कितनी दर मिलती है और आप कौन-सा प्लान चुनते हैं।

NPS Pension Calculator: रिटायरमेंट के बाद हर महीने नियमित कमाई बनी रहे, इसके लिए नौकरी के दौरान ही प्लानिंग करना जरूरी है। नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) इसी काम में मदद कर सकता है। इसमें आप हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम निवेश करके रिटायरमेंट के लिए बड़ा फंड बना सकते हैं। अगर आप हर महीने ₹5,000 जमा करते हैं, तो लंबे समय में अच्छी रकम जुट सकती है।

अब सवाल है कि ₹5,000 महीने निवेश करने पर 20, 25 या 30 साल में कितना पैसा बनेगा? रिटायरमेंट के समय कितनी रकम एकमुश्त मिलेगी और हर महीने कितनी पेंशन मिल सकती है?

₹5,000 महीने निवेश करने पर कितना फंड बनेगा?


NPS में मिलने वाला रिटर्न बाजार के प्रदर्शन और आपके निवेश विकल्पों पर निर्भर करता है। यहां कैलकुलेशन के लिए सालाना 10% रिटर्न माना गया है। इस हिसाब से हर महीने ₹5,000 निवेश करने पर संभावित फंड कुछ इस तरह बनेगा।

निवेश की अवधि कुल जमा रकम अनुमानित फंड
20 साल ₹12 लाख ₹38.3 लाख
25 साल ₹15 लाख ₹66.3 लाख
30 साल ₹18 लाख ₹1.13 करोड़

रिटायरमेंट पर एकमुश्त कितने रुपये मिलेंगे?

NPS में सामान्य तौर पर 60 साल की उम्र में रिटायरमेंट के समय पात्र निवेशक अपने कुल पेंशन फंड का अधिकतम 60% हिस्सा एकमुश्त निकाल सकते हैं। बाकी कम से कम 40% रकम से एन्युटी खरीदनी होती है। इसी से नियमित पेंशन मिलती है।

अगर 30 साल के निवेश के बाद आपका NPS फंड करीब ₹1.13 करोड़ हो जाता है, तो रकम का हिसाब इस तरह होगा।

पैमाना अनुमानित रकम
कुल रिटायरमेंट फंड ₹1.13 करोड़
एकमुश्त निकासी (60%) ₹67.8 लाख
एन्युटी के लिए (40%) ₹45.2 लाख
अनुमानित सालाना पेंशन (6% दर) ₹2.71 लाख
अनुमानित मासिक पेंशन ₹22,600

इस तरह रिटायरमेंट के समय करीब ₹67.8 लाख एकमुश्त मिल सकते हैं। वहीं, लगभग ₹45.2 लाख से एन्युटी खरीदी जाएगी। इसी रकम के आधार पर हर महीने पेंशन मिलेगी।

हर महीने कितनी पेंशन मिलेगी?

पेंशन की रकम इस बात पर निर्भर करती है कि रिटायरमेंट के समय एन्युटी पर कितनी दर मिलती है और आप कौन-सा प्लान चुनते हैं। इसे समझने के लिए यहां सालाना 6% एन्युटी दर का उदाहरण लेते हैं।

अगर एन्युटी खरीदने के लिए ₹45.2 लाख मिलते हैं, तो 6% सालाना दर के हिसाब से साल भर की पेंशन करीब ₹2.71 लाख होगी। यानी हर महीने लगभग ₹22,600 की पेंशन बन सकती है।

कम उम्र में निवेश शुरू करने का फायदा

NPS में निवेश जितनी जल्दी शुरू किया जाए, कंपाउंडिंग के लिए उतना ज्यादा समय मिलता है। उदाहरण के लिए, 20 साल तक हर महीने ₹5,000 जमा करने पर अनुमानित फंड करीब ₹38.3 लाख हो सकता है। वहीं, 30 साल तक निवेश जारी रखने पर यह करीब ₹1.13 करोड़ तक पहुंच सकता है।

दोनों स्थितियों में हर महीने निवेश की रकम समान है। अंतर सिर्फ निवेश की अवधि का है। इसलिए रिटायरमेंट की प्लानिंग करते समय यह देखना जरूरी है कि आप कितने साल तक निवेश कर सकते हैं। जैसे-जैसे आपकी आमदनी बढ़े, मासिक निवेश बढ़ाने से भी रिटायरमेंट फंड को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

Retirement Planning: रिटायरमेंट के बाद हर महीने ₹30000 चाहिए तो कितना बड़ा फंड बनाना होगा? समझिए पूरा कैलकुलेशन

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।