सामान्य सोच यह है कि बाजार के सबसे अंधेरे गलियारे में खड़े स्टॉक बाजार में उथल -पुथल के दौरान ब्लूचिप स्टॉक्स की तुलना में ज्यादा मार खाते हैं। पूरी दुनिया में मौद्रिक नीतियों में आ रही कड़ाई, केंद्रीय बैंकों द्वारा लिक्विडिटी को कम किए जाने वाले प्रयास और यूक्रेन पर रूस के आक्रमण की वजह से सेंसेक्स-निफ्टी अक्टूबर 2021 के अपने रिकॉर्ड हाई से 6 फीसदी से ज्यादा फिसल चुके हैं और एक समय तो इसी महीने के शुरुआत में ये अपने हाई से 15 फीसदी तक का गोता लगा चुके थे।
अक्टूबर से शुरु होने वाले पिछले 6 महीनों के दौरान निफ्टी 500 इंडेक्स में शामिल शेयरों में औसतन 7 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। इन 500 स्टॉक्स में से करीब 345 स्टॉक ऐसे रहे हैं जिन्होंने इस अवधि में निगेटिव रिटर्न दिया है। यह आंकड़े मनीकंट्रोल के विश्लेषण पर आधारित हैं। इस गिरावट की वजह से बाजार काफी बड़े और गहरे दर्द से गुजरा है।
Penny Stocks:कोई दर्द नहीं, खुशियां ही खुशियां
लेकिन इस मरुस्थल में हमें नख़लिस्तान भी देखने को मिला है और यह नख़लिस्तान उन पेनी स्टॉक से मिलकर बना है जिन्होंने पिछले 6 महीने के बाजार के भारी उथल-पुथल के बीच भी आंखों को चौंधिया देने वाला रिटर्न दिया है। आम तौर पर पेनी स्टॉक उन स्टॉक्स को कहते हैं जिनकी कीमत 10 रुपये से कम होती है। इस कैटेगरी के तमाम स्टॉक ने पिछले 6 महीने के दौरान ब्लूचिप शेयरों की तुलना में बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है।
एनएसई पर सबसे ज्यादा ट्रेड किए जाने वाले 110 पेनीस्टॉक ने अक्टूबर से अब तक 68 फीसदी तक का रिटर्न दिया है। AceEquity के आंकड़ों के मुताबिक हर 5 पेनी स्टॉक्स में 3 पेनी स्टॉक्स ने जोरदार प्रदर्शन किया है। इनमें से Vikas EcoTech जैसे पेनी स्टॉक ने सिर्फ 6 महीने की अवधि में निवेशको की वेल्थ को तीन गुना से ज्यादा बढ़ा दिया है। इसके साथ ही Ankit Metal & Power और FCS Software Solutions जैसे पेनी स्टॉक्स में 160-148 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
इन आंकड़ों से पता चलता है कि कोविड महामारी के आउटब्रेक के बाद सबसे ज्यादा उथल-पुथल भरे इस माहौल में पेनी स्टॉक का औसत रिटर्न 24 फीसदी रहा है। अगर हम इस 6 महीने के अवधि के पृष्ठभूमि के नामचीन शेयरों के व्यवहार से पेनी स्टॉक की चाल की तुलना करें तो उनका यह अभूतपूर्व प्रदर्शन और चमक के साथ सामने आता है। इन 110 पेनी स्टॉक्स में रिटेल निवेशकों की औसत होल्डिंग पर नजर डालें तो एनएसई पर यह 32 फीसदी के आसपास है।
आगे कैसी रह सकती है इनकी चाल
जानकारों का कहना है कि अगर आने वाले महीनों में बाजार में रिटेल निवेशकों का फ्लो घटता है तो पिछले 6 महीनों के पेनी स्टॉक्स की तेजी पर लगाम लग सकता है। Kotak Equities का मानना है कि बाजार में रिटेल निवेशकों की तरफ से आ रहा पैसा पिछले साल मिले शानदार रिटर्न का नतीजा है। 12 महीने के रोलिंग रिटर्न पर नजर डालें तो Nifty50 करीब 18 फीसदी ऊपर नजर आ रहा है। हालांकि पिछले 6 महीने में इसमें 6 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
Ambit Capital के धीरज अग्रवाल ने 30 मार्च को CNBC-TV18 से हुई बातचीत में कहा था कि बाकी बचे साल 2022 में घरेलू बाजार उतार-चढ़ाव के साथ दायरे में बंधा नजर आ सकता है। हालांकि बाजार में कोई बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। अगर यह भविष्यवाणी सही साबित होती है तो आनेवाले महीनों मं 12 महीने का रोलिंग रिटर्न नेगेटिव हो सकता है और यही पर रिटेल इन्वेस्टरों के संकल्प की परीक्षा भी होगी। अगर बाजार में कोई गिरावट आती है तो यह पेनी स्टॉक्स के लिए बड़ी दिक्कत पैदा कर सकती है।