PM Kisan Samman Nidhi Yojana Rules: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) ग्रामीण इलाकों के गरीब किसानों के लिए बहुत बड़ा सहारा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम-किसान योजना की 13वीं किस्त के रूप में इसी साल 27 फरवरी को 8 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक अकाउंट में 16,800 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की थी। देशभर के करोड़ों किसान अब 14वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र जल्द ही पीएम किसान योजना की 14वीं किस्त भी किसानों के अकाउंट में ट्रांसफर कर सकती है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना के तहत पात्र किसानों को हर 4 महीने पर 2,000-2000 रुपये की तीन किस्तों में हर साल 6,000 रुपये का वित्तीय लाभ दिया जाता है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में भेजी जाती है। योजना फरवरी, 2019 में लॉन्च की गई थी, लेकिन इसे दिसंबर 2018 से प्रभावी माना गया था।
2.25 लाख करोड़ रुपये की राशि जारी
पीएम-किसान योजना की 11वीं किस्त मई, 2022 में जारी की गई थी, जबकि 12वीं किस्त अक्टूबर, 2022 में जारी की गई थी। कृषि मंत्रालय के मुताबिक, पीएम किसान योजना के तहत अब तक देश के 11 करोड़ से अधिक किसानों को कुल 2.25 लाख करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इनमें से 1.75 लाख करोड़ रुपये कोविड-19 काल में किसानों को कई किस्तों में दिए गए थे। कोरोना काल में 2,000 रुपये की ये आर्थिक मदद किसानों के लिए बहुत बड़ा आर्थिक सहारा था।
क्या पति-पत्नी दोनों उठा सकते हैं स्कीम का लाभ?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए शुरू की गई केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस बीच, पिछले कुछ दिनों में मनीकंट्रोल को कई पाठकों ने मैसेज करके पूछा कि क्या पति-पत्नी दोनों एक साथ पीएम किसान स्कीम का लाभ उठा सकते हैं? इस सवाल का जवाब है, नहीं।
दरअसल, इस योजना का लाभ परिवार का सिर्फ एक सदस्य ही ले सकता है। नियमों के मुताबिक, स्कीम का लाभ लेने के लिए एक परिवार से सिर्फ एक ही शख्स अप्लाई कर सकता है। यदि एक ही परिवार के एक से अधिक लोग अप्लाई करते हैं तो उसे खारिज कर दिया जाएगा। अगर फर्जीवाड़ा कर इस स्कीम का लाभ एक ही परिवार के कई सदस्य लाभ ले रहे हैं तो इसका खुलासा होने के बाद सरकार इन पैसों को कभी भी वापस ले सकती है।