PM Kisan Yojana: एक परिवार में कितने लोग ले सकते हैं पीएम किसान योजना का लाभ, क्या हैं इस बारे में सरकार के नियम
PM Kisan Yojana: PM किसान योजना में एक परिवार से कितने लोग लाभ ले सकते हैं, इसे लेकर सरकार के स्पष्ट नियम हैं। जानिए किन मामलों में एक से ज्यादा सदस्य पात्र हो सकते हैं, आवेदन का तरीका क्या है और किन लोगों को योजना का फायदा नहीं मिलता।
सरकार के नियमों के मुताबिक PM Kisan योजना में एक परिवार को एक यूनिट माना जाता है।
PM Kisan Yojana: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि यानी PM किसान योजना देश के किसानों के लिए सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है। इसके तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की मदद दी जाती है। यह पैसा 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है।
लेकिन अक्सर लोगों के मन में एक सवाल आता है कि अगर एक ही परिवार में कई लोग खेती करते हैं, तो क्या सभी इस योजना का फायदा ले सकते हैं या फिर सिर्फ एक व्यक्ति को ही लाभ मिलता है।
एक परिवार से कितने में कितने लाभार्थी?
सरकार के नियमों के मुताबिक PM Kisan योजना में एक परिवार को एक यूनिट माना जाता है। परिवार का मतलब पति, पत्नी और नाबालिग बच्चे होते हैं। ऐसे में सामान्य तौर पर एक परिवार से सिर्फ एक ही सदस्य इस योजना का लाभ ले सकता है।
मान लीजिए पति और पत्नी दोनों ने अलग-अलग आवेदन कर दिया, तो यह सरकारी नियमों के हिसाब से गलत होगा। अगर किसी परिवार से एक से ज्यादा लोगों ने योजना का लाभ लिया है, तो सरकार अतिरिक्त पैसा रिकवर भी कर सकती है।
कब ज्यादा सदस्य लाभ ले सकते हैं?
कुछ मामलों में एक ही घर के अलग सदस्य अलग-अलग लाभार्थी बन सकते हैं। जैसे अगर परिवार में बालिग बेटे के नाम अलग कृषि भूमि है और उसका परिवार अलग माना जाता है, तो वह अलग से आवेदन कर सकता है।
इसी तरह अगर संयुक्त परिवार में जमीन का बंटवारा हो चुका है और जमीन अलग-अलग नाम पर दर्ज है, तो पात्रता भी अलग हो सकती है। हालांकि इसका फैसला जमीन के रिकॉर्ड और स्थानीय प्रशासन की जांच के आधार पर किया जाता है।
सरकार ने नियम क्यों सख्त किए?
पिछले कुछ सालों में कई राज्यों में ऐसे मामले सामने आए थे, जहां एक ही परिवार के कई लोगों ने आवेदन कर लिया था। कुछ ऐसे लोग भी योजना का पैसा ले रहे थे जो नियमों के हिसाब से पात्र नहीं थे।
इसी वजह से सरकार ने अब e-KYC, आधार लिंकिंग और जमीन के रिकॉर्ड का वेरिफिकेशन जरूरी कर दिया है। सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि योजना का पैसा सही किसानों तक पहुंचे।
किन लोगों को नहीं मिलता योजना का लाभ?
PM Kisan योजना का फायदा हर व्यक्ति नहीं ले सकता। आयकर भरने वाले लोग, सरकारी नौकरी करने वाले कई वर्ग, संवैधानिक पदों पर रह चुके लोग, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील जैसे प्रोफेशनल्स और कुछ अन्य श्रेणियों के लोग इस योजना के दायरे में नहीं आते।
सरकार का कहना है कि यह योजना मुख्य रूप से छोटे और जरूरतमंद किसानों की मदद के लिए बनाई गई है।
आवेदन से पहले क्या करें?
अगर किसी किसान को यह समझ नहीं आ रहा कि उसके परिवार से कौन योजना का लाभ ले सकता है, तो आवेदन करने से पहले PM Kisan पोर्टल या स्थानीय कृषि विभाग से जानकारी जरूर लेनी चाहिए। गलत जानकारी देकर आवेदन करने पर बाद में पैसा वापस करना पड़ सकता है और कार्रवाई भी हो सकती है।
पीएम किसान योजना के लिए अप्लाई कैसे करें?
पीएम किसान योजना के लिए के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आवेदन किया जा सकता है। आइए दोनों तरीकों के बारे में जान लेते हैं।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
'New Farmer Registration' विकल्प पर क्लिक करें।
आधार नंबर और राज्य की जानकारी भरें।
नाम, पता, बैंक डिटेल और जमीन की जानकारी दर्ज करें।
फॉर्म सबमिट करें।
दस्तावेजों का वेरिफिकेशन होने के बाद पात्र किसानों का नाम लाभार्थी सूची में जोड़ दिया जाता है।
ऑफलाइन आवेदन कैसे करें?
नजदीकी CSC सेंटर या जन सेवा केंद्र जाएं।
कृषि विभाग कार्यालय से भी आवेदन किया जा सकता है।
ऑपरेटर दस्तावेजों के आधार पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर देते हैं।