PM Kusum Yojana: देश में चल रहे बिजली संकट की वजह से फसलों की सिंचाई पर भी असर पड़ रहा है। इसका असर फसलों के उत्पादन पर नजर आ रहा है। ऐसे में किसानों की इस समस्या से निपटने के लिए सरकार कई तरह के प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में सरकार की ओर पीएम कुसुम योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत किसानों को सोलर पंप (Solar Pump) लगाने के लिए सब्सिडी मुहैया कराई जाती है। किसान इस योजना के तहत जहां 70 से 80 फीसदी सब्सिडी पर सोलर पंप अपने खेत में लगवा सकते हैं। वहीं इसके जरिए वे बेहतर कमाई भी कर सकते हैं।
अगर आप भी सोलर ऊर्जा से शुरू करना चाहते हैं तो फिर सरकार की पीएम कुसुम योजना के साथ जुड़ने की सोच सकते हैं। पीएम कुसुम योजना को साल 2019 में शुरू किया गया था। जिसके बाद इस योजना का विस्तार किया गया है।
सोलर पंप लगाने के लिए 60 फीसदी छूट
इस योजना के तहत किसानों को अपनी जमीन पर सोलर पैनल लगाने के लिए सिर्फ 10 फीसदी पैसे खर्च करना होता है। केंद्र और राज्य सरकारें किसानों को बैंक अकाउंट में 60 फीसदी पैसे डाल देती हैं। इसमें केंद्र और राज्यों की ओर से बराबर-बराबर यानी 30-30 फीसदी मुहैया कराया जाता है। वहीं बैंक की ओर से 30 फीसदी लोन भी मिलता है। इस लोन को किसान अपनी होने वाली आमदनी से आसानी से चुका सकते हैं। किसानों को इस योजना से काफी फायदा हुआ है। इतना ही नहीं सिंचाई की समस्या भी काफी हद तक खत्म हुई है।
बिजली बेचकर मुनाफा कमाएं किसान
सोलर पंप का उपयोग खेतों की सिंचाई के अलावा बिजली उत्पादन में भी कर सकते हैं। इस योजना के जरिए बिजली या डीजल से चलने वाले सिंचाई पंप को सोलर एनर्जी से चलने वाले पंप में बदला जाता है। सोलर पैनल से पैदा की जाने वाली बिजली का इस्तेमाल पहले अपने सिंचाई के काम में करेंगे। उसके अलावा जो बिजली अतिरिक्त बचेगी। उसे बिजली वितरण कंपनियों को बेच सकते हैं। अगर आपके पास 4 से 5 एकड़ जमीन है तो सालाना काफी मात्रा में बिजली उत्पादन कर सकते हैं और आसानी से लाखों रुपये कमा सकते हैं।