प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से शुरू की गई योजना प्रधानमंत्री मुद्रा योजाना (PMMY) की 8वीं वर्षगांठ पर देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 24 मार्च 2023 तक इस योजना के तहत 40.82 करोड़ लोन अकाउंट में लगभग 23.2 लाख करोड़ रुपये का लोन दिया गया है। बैंकों और फाइनेंशियल संस्थाओं ने मुद्रा योजना के तहत 40.82 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 23.2 लाख करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
कब शुरू की गई थी ये स्कीम
प्रधानमंत्री मुद्रा योजाना (PMMY) को पीएम नरेंद्र मोदी ने 8 अप्रैल 2015 को शुरू किया था। इस योजना को गैर कॉर्पोरेट और गैर कृषि और छोटे बिजनसमैनों को 10 लाख रुपये तक की आसान माइक्रो-क्रेडिट की सुविधा के लिए शुरू किया गया था। वित्त मंत्रालय ने 8 अप्रैल को एक बयान में कहा, PMMY के तहत कर्ज सदस्य लोन संस्थानों (MLIs), बैंकों, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC),माइक्रोफाइनेंस संस्थानों (MFI) और दूसरे एजेंटों की तरफ से दिया जाता है।
महिलाओं ने खूब लिया इस योजना का लाभ
बता दें कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजाना (PMMY) का लाभ महिलाओं ने खूब लिया है। इस योजना के तहत लगभग 68 प्रतिशत खाते महिला उद्यमियों के हैं, और 51 प्रतिशत खाते एससी/एसटी और ओबीसी श्रेणियों के उद्यमियों के हैं। वित्त मंत्री ने इस मौके पर कहा कि MSMEs के विकास ने 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम में बड़े पैमाने पर योगदान दिया है, क्योंकि मजबूत घरेलू MSMEs घरेलू बाजारों के साथ-साथ निर्यात के लिए स्वदेशी उत्पादन में वृद्धि करते हैं। पीएमएमवाई योजना ने जमीनी स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद की है, और भारतीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ गेम चेंजर भी साबित हुई है।
छोटे उद्यमियों को आसानी से लोन देना है PMMY का लक्ष्य
वित्त राज्य मंत्री भागवत के कराड ने कहा कि PMMY योजना का उद्देश्य देश में सूक्ष्म उद्यमों को लोन के लिए मुक्त पहुंच प्रदान करना है। इस योजना के तहत समाज के पिछड़े हिस्सों तक भी पहुंच कायम करने की कोशिश की गई है। MUDRA को बढ़ावा देने की सरकार की नीति ने औपचारिक अर्थव्यवस्था में लाखों MSME उद्यमों का नेतृत्व किया है और उन्हें पैसे के चंगुल से बाहर निकालने में मदद की है।
तीन पिलर्स पर टिका है वित्तीय समावेशन का कार्यक्रम
वित्त राज्य मंत्री भागवत के कराड ने कहा कि देश में वित्तीय समावेशन (FI) कार्यक्रम का कार्यान्वयन तीन पिलर्स पर टिका है - बैंकिंग द अनबैंक्ड, सिक्योरिंग द अनसिक्योर्ड एंड फंडिंग द अनफंडेड। PMMY योजना छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई थी, और बैंकों को तीन कटेगरी - शिशु (50,000 रुपये तक), किशोर (50,000 रुपये और 5 लाख रुपये के बीच) और तरुण (10 लाख रुपये) तक का लोन देने के लिए कहा गया था।