PPF Calculator: PPF में हर महीने ₹5000 जमा करने पर 15 साल में कितना पैसा मिलेगा? समझिए पूरा कैलकुलेशन

PPF Calculator: हर महीने ₹5,000 की छोटी बचत 15 साल में बड़ा फंड बना सकती है। PPF में निवेश करने पर कितना ब्याज मिलेगा और मैच्योरिटी पर कुल कितनी रकम हाथ आएगी? जानिए पूरा कैलकुलेशन और निवेश से जुड़े जरूरी नियम।

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 2:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PPF खाता 15 साल के लिए खुलता है। इसमें एक वित्त वर्ष में कम से कम ₹500 और अधिकतम ₹1.5 लाख जमा कर सकते हैं।

PPF Calculator: नौकरीपेशा हों या अपना कारोबार करते हों, हर किसी को भविष्य के लिए बचत की जरूरत होती है। लेकिन सवाल है कि पैसा कहां लगाया जाए, जहां निवेश सुरक्षित रहे और अच्छा रिटर्न भी मिले। पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF इसी जरूरत को पूरा करने वाली सरकारी बचत योजना है। इसमें छोटी रकम से भी निवेश शुरू किया जा सकता है। खास बात यह है कि इसमें मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की रकम टैक्स फ्री होती है।

अब सवाल है कि अगर आप हर महीने सिर्फ ₹5,000 PPF में जमा करते हैं, तो 15 साल बाद आपके पास कितनी रकम होगी? आइए पूरा कैलकुलेशन समझते हैं।

₹5,000 महीने जमा करने पर कितना बनेगा फंड?


PPF पर फिलहाल 7.1% सालाना ब्याज मिल रहा है। इस दर को अगले 15 साल तक स्थिर मानें और हर महीने की 5 तारीख से पहले ₹5,000 जमा करें, तो मैच्योरिटी पर करीब ₹15.78 लाख मिल सकते हैं।

इस दौरान आपका कुल निवेश ₹9 लाख होगा। बाकी करीब ₹6.78 लाख ब्याज से जुड़ेंगे। यानी 15 साल में ब्याज के रूप में आपकी जमा रकम का बड़ा हिस्सा जुड़ सकता है।

पैमाना डिटेल
हर महीने जमा राशि
₹5,000
सालाना निवेश ₹60,000
निवेश की अवधि 15 साल
कुल निवेश ₹9,00,000
अनुमानित ब्याज ₹6,78,000
मैच्योरिटी पर कुल रकम
₹15,78,000

हर महीने 5 तारीख से पहले जमा करें पैसा

PPF में पैसा जमा करने की तारीख भी अहम है। इस खाते में हर महीने की 5 तारीख और महीने के आखिरी दिन के बीच मौजूद सबसे कम बैलेंस पर ब्याज की गणना होती है। इसलिए अगर आप हर महीने 5 तारीख से पहले पैसा जमा करते हैं, तो उस महीने भी ब्याज का फायदा मिल सकता है।

इसके उलट, 5 तारीख के बाद पैसा जमा करने पर उस महीने की नई जमा रकम पर ब्याज नहीं मिलेगा। इसलिए बेहतर है कि हर महीने की शुरुआत में ही निवेश कर दें।

PPF खाते में निवेश की क्या है सीमा?

PPF खाता 15 साल के लिए खुलता है। इसमें एक वित्त वर्ष में कम से कम ₹500 और अधिकतम ₹1.5 लाख जमा कर सकते हैं। आप चाहें तो हर महीने किस्तों में पैसा डालें या एकमुश्त जमा करें। दोनों तरीके उपलब्ध हैं।

15 साल पूरे होने पर खाते की मैच्योरिटी होती है। इसके बाद आप पूरी रकम निकाल सकते हैं। अगर पैसे की तत्काल जरूरत नहीं है, तो खाते को 5-5 साल के ब्लॉक में आगे भी बढ़ा सकते हैं।

निवेश पर टैक्स की भी मिलती है राहत

PPF की एक बड़ी खासियत इसका टैक्स बेनिफिट है। इसमें जमा रकम, मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की रकम टैक्स फ्री होती है। हालांकि, निवेश पर सेक्शन 80C की छूट का फायदा पुरानी टैक्स व्यवस्था चुनने वालों को ही मिलता है।

कुल मिलाकर, PPF उन लोगों के लिए एक विकल्प है जो लंबी अवधि में सुरक्षित बचत करना चाहते हैं। हालांकि, 7.1% ब्याज दर अगले 15 साल तक बनी रहे, यह जरूरी नहीं है। सरकार हर तीन महीने में छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों की समीक्षा करती है। इसलिए वास्तविक मैच्योरिटी रकम बदल सकती है।

बैंक FD छोड़ पोस्ट ऑफिस में लगाएं पैसा! जानें ₹1 लाख पर एक से 5 साल के रिटर्न का पूरी कैलकुलेशन

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।