Delhi-NCR Flats: दिल्ली से सिर्फ 5 km दूर खरीदें अपने सपनों का घर! GDA दे रहा ₹20 लाख में फ्लैट, 7 साल की आसान किस्त का मौका
Delhi-NCR Flats: राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक ऐसी हाउसिंग स्कीम सामने आई है, जिसमें 1BHK और 2BHK फ्लैट करीब 20 लाख रुपये से लेकर ₹28.10 लाख तक की अनुमानित कीमत में उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि ये फ्लैट दिल्ली से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर बताए जा रहे हैं
Delhi-NCR Flats: 1BHK और 2BHK फ्लैट करीब ₹20 लाख से 28.10 लाख रुपये की अनुमानित कीमत में उपलब्ध हैं
Delhi-NCR Flats: दिल्ली-एनसीआर में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए गुड न्यूज है। अगर आपका बजट बहुत ज्यादा नहीं है, तो राजधानी से सटे गाजियाबाद में एक ऐसी हाउसिंग स्कीम सामने आई है, जिसमें 1BHK और 2BHK फ्लैट करीब 20 लाख रुपये से लेकर ₹28.10 लाख तक की अनुमानित कीमत में उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि ये फ्लैट दिल्ली से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर बताए जा रहे हैं।
zeebiz.com के मुताबिक, इन फ्लैटों की बुकिंग गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की इंद्रप्रस्थ योजना के तहत 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जा रही है। शुरुआती बुकिंग/रजिस्ट्रेशन राशि करीब ₹2 लाख से शुरू होती है।
₹20 लाख में 1BHK फ्लैट
GDA के अनुसार, योजना में सबसे कम कीमत वाला विकल्प 1BHK फ्लैट है। इसका क्षेत्रफल 44.96 वर्गमीटर यानी करीब 483.94 वर्गफुट है। इस फ्लैट की अनुमानित कीमत ₹20 लाख बताई गई है। जबकि रजिस्ट्रेशन राशि 2.01 लाख रुपये है।
₹26.70 लाख में 2BHK
अगर आपको 2BHK चाहिए तो योजना में दो विकल्प दिए गए हैं:-
2BHK टाइप-1 फ्लैट का क्षेत्रफल 59.28 वर्गमीटर यानी 638.08 वर्गफुट है। इसकी अनुमानित कीमत ₹26.70 लाख और रजिस्ट्रेशन राशि 2.68 लाख रुपये है।
वहीं, 2BHK टाइप -2 का क्षेत्रफल 61.83 वर्गमीटर यानी 665.55 वर्गफुट है। इसकी अनुमानित कीमत ₹28.10 लाख है। जबकि रजिस्ट्रेशन फीस 2.81 लाख रुपये बताई गई है।
फ्लैट की कीमत और साइज
फ्लैट क्षेत्रफल अनुमानित कीमत जिस्ट्रेशन राशि
1BHK 483.94 वर्गफुट 20.00 लाख रुपये ₹2.01 लाख
2BHK टाइप-1 638.08 वर्गफुट ₹26.70 लाख ₹2.68 लाख |
2BHK टाइप-2 665.55 वर्गफुट ₹28.10 लाख ₹2.81 लाख
7 साल में किस्तों से भुगतान
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत इसका भुगतान विकल्प है। योजना की शर्तों के मुताबिक, कुल कीमत का 80 प्रतिशत हिस्सा 7 साल की आसान किस्तों में चुकाने का विकल्प दिया गया है। इस भुगतान पर मौजूदा SBI MCLR + 1 प्रतिशत ब्याज दर लागू होगी। हालांकि, खरीदार को योजना में केवल शुरुआती रकम देकर पूरी तरह भुगतान से मुक्त नहीं माना जाएगा। रजिस्ट्रेशन राशि के बाद अलॉटमेंट राशि भी कुल कीमत का 10 प्रतिशत है। जबकि शेष 80 प्रतिशत रकम किस्तों में चुकाई जानी है।
जल्दी पूरा भुगतान किया तो छूट भी मिलेगी
अगर खरीदार पूरी रकम एकमुश्त चुकाना चाहता है तो योजना में अलग-अलग अवधि के हिसाब से छूट का प्रावधान है।
45 दिन के भीतर पूरा भुगतान:- 6% छूट
60 दिन के भीतर पूरा भुगतान:- 5% छूट
90 दिन के भीतर पूरा भुगतान:- 4% छूट
यानी जिन खरीदारों के पास एकमुश्त भुगतान की क्षमता है, उनके लिए यह विकल्प किस्तों की तुलना में अतिरिक्त बचत का मौका दे सकता है।
किस्त नहीं भरी तो लग सकता है जुर्माना
इस स्कीम में भुगतान को लेकर नियम भी सख्त हैं। तय तारीख पर किस्त या अलॉटमेंट राशि जमा नहीं करने पर देरी की अवधि के लिए 2 प्रतिशत की दंडात्मक ब्याज लगाया जाएगा। अगर लगातार तीन किस्तें नहीं चुकाई जाती हैं, तो GDA के पास अलॉटमेंट रद्द करने का अधिकार होगा। वहीं, छह किस्तें बकाया रहने पर अलॉटमेंट खुद रद्द माना जाएगा। इसलिए बुकिंग से पहले खरीदारों को अपनी आय और किस्त चुकाने की क्षमता का अच्छी तरह आकलन करना जरूरी होगा।
दिल्ली से 5 KM और हिंडन एयरपोर्ट भी करीब है फ्लैट
लोकेशन इस योजना की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। 'इंद्रप्रस्थ योजना' दिल्ली से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर बताई गई है। इसके अलावा 'ईस्टर्न पेरिफेरल' हाईवे करीब 15 मिनट की ड्राइव पर है। जबकि हिंडन एयरपोर्ट करीब 6.8 किलोमीटर दूर बताया गया है।
बच्चों की पढ़ाई के लिए 'सेंट थॉमस स्कूल' आसपास है। वहीं बेहटा हाजीपुर रेलवे स्टेशन करीब 2.2 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके अलावा नोली रेलवे स्टेशन से स्थानीय पैसेंजर ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होने की बात कही गई है। जबकि भोपुरा रूट के जरिए करीब 16 किलोमीटर की दूरी पर दूसरे राज्यों के लिए बस और लंबी दूरी की ट्रेनों की कनेक्टिविटी भी मिलती है।
बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान
दिल्ली के नजदीक कम बजट में घर तलाश रहे लोगों के लिए यह योजना आकर्षक हो सकती है। लेकिन बुकिंग करने से पहले GDA की आधिकारिक शर्तें, उपलब्ध फ्लैट, कुल देय राशि, ब्याज दर, लीज की शर्तें और भुगतान कार्यक्रम जरूर जांच लें।
खासकर यह समझना जरूरी है कि ₹2 लाख के आसपास की राशि शुरुआती रजिस्ट्रेशन है, पूरी खरीद कीमत नहीं। इसके बाद अलॉटमेंट राशि और शेष 80 प्रतिशत भुगतान योजना के अनुसार करना होगा। दिल्ली से महज 5 किलोमीटर दूर ₹20 लाख से शुरू होने वाला घर और 7 साल की किस्त इसी वजह से GDA की यह योजना बजट होम बायर्स के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।