नोएडा सेक्टर 18 की मार्केट का कनॉट प्लेस की तर्ज पर होगा कायाकल्प, स्ट्रीट लाइट, फव्वारे, सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे

बाजार में कारोबार करने वाले व्यापारियों और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद प्राधिकरण ने अपस्केल बाजार को सुंदर बनाने की योजना तैयार की है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, प्रोजेक्ट पर अप्रैल के बीच से काम शुरू होने की संभावना है

अपडेटेड Mar 25, 2023 पर 2:31 PM
Story continues below Advertisement
नोएडा सेक्टर 18 की मार्केट का कनॉट प्लेस की तर्ज पर होगा कायाकल्प

नोएडा (Noida) की फैमस सेक्टर 18 मार्केट (Sector 18 Market) जल्द ही दिल्ली के कनॉट प्लेस (CP) जैसा नया रूप धारण करेगा। जानकारी मुताबिक, जल्दी ही इस मार्केट में फव्वारों, सजावटी पौधों, स्ट्रीट फर्नीचर, बेहतर फुटपाथों, आकर्षक एंट्री गेट, दीवारों की रचनात्मक पेंटिंग, रास्तों और वीकेंड पर म्यूजिक और लाइट शो देखने को मिलेंगे। मार्केट का पुनर्विकास 1.8 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से किया जाएगा।

बाजार में कारोबार करने वाले व्यापारियों और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद प्राधिकरण ने अपस्केल बाजार को सुंदर बनाने की योजना तैयार की है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, प्रोजेक्ट पर अप्रैल के बीच से काम शुरू होने की संभावना है।

नोएडा प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर (बिजली और रखरखाव) गौरव बंसल ने Moneycontrol को बताया, "हमने प्रोजेक्ट के कंसल्टेंट के रूप में ओरियन आर्किटेक्ट्स को फाइनल किया है। कंसल्टेंट ने इलाके में लाइटिंग, क्रिएटिव लाइटिंग, पाथ लाइटिंग आदि के लिए कॉन्सेप्ट प्रपोजल पहले ही जमा कर दिया है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि अप्रैल से जमीन पर काम शुरू हो जाएगा। हमने तीन महीने में काम पूरा करने की समय सीमा तय की है।"


उन्होंने कहा कि पुनर्विकास योजना में स्ट्रीटलाइट्स, फुटपाथों और रास्तों का अपग्रेडेशन और ग्रीन एरिया को बढ़ाना शामिल है। अधिकारियों ने कहा कि प्लानिंग के तहत फाउंटेन के अलावा सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

नोएडा अथॉरिटी के एक अधिकारी ने कहा कि बाजार के व्यापारियों ने इस महीने की शुरुआत में एक बैठक में अथारिटी से कनॉट प्लेस की तर्ज पर एक भारतीय झंडा लगाने का अनुरोध किया था। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, "बाजार में एक बड़ा तिरंगा लगाने के फैसले पर अभी विचार किया जा रहा है।"

क्या है रिडवलेपमेंट प्लान?

व्यापारियों ने प्राधिकरण को सौंपे प्रस्ताव में बाजार के तिकोना पार्क स्थित एम्फीथिएटर में साउंड एंड लाइट शो की व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने बाजार के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर गेट और ज्यादा स्ट्रीटलाइट्स की भी मांग की है।

बंसल ने कहा कि बाजार में नई लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी, ताकि एरिया की सुंदरता और बढ़े। उन्होंने कहा, "यहां की इमारतें और रास्ते रचनात्मक लाइटिंग व्यवस्था से रोशन होंगे। ये बाजार को एक नया रूप देगा।”

उन्होंने कहा कि फुटपाथों पर बोलार्ड को रिसाइकल वेस्ट से बनाया जाएगा। पुनर्विकास में इस्तेमाल की जाने वाली सजावटी और रोशनी वाली सीटें और शहरी स्ट्रीट फर्नीचर भी रिसाइकल वेस्ट से बनाए जाएंगे।

रियल एस्टेट का 'पठान' साबित हुआ है DLF का गुरुग्राम का नया लग्जरी प्रोजेक्ट

सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील जैन ने बताया कि बाजार में तीन से चार जगहों पर फाउंटेन लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “इन जगहों की पहचान करने के लिए एक सर्वे पूरा हो गया है, जहां फव्वारे लगाए जा सकते हैं। वेव सिल्वर टॉवर और F, G ब्लॉक के कोने के पास तिकोना पार्क में फव्वारे लगने की संभावना है। जनता के लिए एम्फीथिएटर में वीकेंड में एक साउंड और लाइट शो भी आयोजित किया जाएगा। साउंड एंड लाइट शो की थीम अभी तय नहीं की गई है।"

उन्होंने कहा कि पुनर्विकास योजना के तहत बाजार से पैदा होने वाले कचरे के इन-सीटू प्रोसेसिंग और मैनेजमेंट के लिए बाजार में एक कंपोस्ट प्लांट भी लगाए जाने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।