पटना के बहादुरपुर की बदलेगी तस्वीर! 8.5 एकड़ में बनेगी हाईटेक 'उपवन' टाउनशिप; 18 मंजिल के 11 टावरों में मिलेंगे 888 फ्लैट

Patna Township Project: पटना के कंकड़बाग स्थित बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी की तस्वीर बदलने जा रही है। यहां 8.5 एकड़ जमीन पर आधुनिक टाउनशिप 'उपवन' विकसित की जाएगी। प्रोजेक्ट के तहत 18 मंजिल तक के 11 टावर बनाए जाएंगे, जिनमें 888 फ्लैट होंगे। इनमें 504 HIG के तीन BHK और 384 MIG के दो BHK फ्लैट शामिल हैं

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 5:25 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Patna Township Project: पटना टाउनशिप प्रोजेक्ट में 75 प्रतिशत जमीन पर पार्क, हरियाली और खुले स्थान विकसित किए जाएंगे

Patna Township Project: बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित 'बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी' में आधुनिक शहरी आवास का नया मॉडल तैयार होने जा रहा है। बिहार राज्य आवास बोर्ड और नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (NBCC) मिलकर 8.5 एकड़ जमीन पर 'उपवन' टाउनशिप विकसित करेंगे। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि 75 फीसदी जमीन पर पार्क, हरियाली और खुले स्थान विकसित किए जाएंगे। जबकि महज 25 प्रतिशत हिस्से में निर्माण होगा। परियोजना में 888 फ्लैट, क्लब हाउस, स्विमिंग पूल, जॉगिंग ट्रैक और बाजार समेत 50 से अधिक आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

बहादुरपुर सेक्टर-5 में विकसित होगी आधुनिक टाउनशिप

राजधानी पटना के तेजी से विकसित हो रहे कंकड़बाग इलाके में 'बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी' की पहचान आने वाले सालों में पूरी तरह बदल सकती है। बिहार राज्य आवास बोर्ड की सेक्टर-5 स्थित करीब 8.5 एकड़ जमीन पर 'उपवन' नाम से एक आधुनिक आवासीय टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की गई है। यह परियोजना टीवी टावर के आसपास विकसित होगी। इसका मास्टर प्लान जारी कर दिया गया है। खास बात यह है कि बिहार राज्य आवास बोर्ड पहली बार अपनी जमीन पर इस तरह के हाईराइज आवासीय टावरों के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसका उद्देश्य उपलब्ध सरकारी जमीन का बेहतर इस्तेमाल करते हुए आधुनिक और सुरक्षित आवासीय परिसर तैयार करना है।


18 मंजिल तक ऊंचे होंगे 11 टावर, बनेंगे 888 फ्लैट

'उपवन' टाउनशिप का सबसे बड़ा आकर्षण यहां बनने वाले 11 ऊंचे आवासीय टावर होंगे। इन टावरों की ऊंचाई अधिकतम 18 मंजिल तक होगी। पूरे प्रोजेक्ट में कुल 888 आवासीय फ्लैट तैयार करने की योजना है। इन फ्लैटों को मुख्य रूप से दो आय वर्गों में बांटा गया है:-

  • HIG कैटेगरी: 504 तीन BHK फ्लैट बनाए जाएंगे। इन फ्लैटों में तीन बेडरूम के साथ सर्वेंट रूम की सुविधा भी होगी। प्रत्येक फ्लैट का बिल्ट-अप एरिया करीब 1,776 वर्गफुट प्रस्तावित है।
  • MIG कैटेगरी: 384 दो BHK फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें दो बेडरूम के साथ दो टॉयलेट की व्यवस्था होगी। प्रत्येक फ्लैट का बिल्ट-अप एरिया लगभग 1,057 वर्गफुट होगा।
  • इस तरह परियोजना में बड़े परिवारों से लेकर मध्यम आय वर्ग के परिवारों तक के लिए आवास की व्यवस्था करने की योजना है।

75% जमीन पर होगी हरियाली, सिर्फ 25% पर निर्माण

इस टाउनशिप की सबसे खास बात इसका पर्यावरण अनुकूल डिजाइन है। आमतौर पर शहरों में नई हाउसिंग प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान जमीन का बड़ा हिस्सा इमारतों और कंक्रीट संरचनाओं में इस्तेमाल हो जाता है। लेकिन 'उपवन' में इसके उलट खुले स्थान और हरियाली को प्राथमिकता दी गई है।

प्रस्तावित मास्टर प्लान के मुताबिक:-

  • 25 फीसदी जमीन पर भवनों का निर्माण होगा।
  • 75 प्रतिशत जमीन खुली और हरित रखी जाएगी।
  • पार्क और लैंडस्केप गार्डन विकसित किए जाएंगे।
  • लोगों के टहलने और व्यायाम करने के लिए जॉगिंग ट्रैक बनाए जाएंगे।
  • सामुदायिक गतिविधियों के लिए खुले स्थान उपलब्ध होंगे।
  • करीब 8.5 एकड़ यानी लगभग 34,398 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना में जमीन के इस्तेमाल को लेकर यह योजना एक महत्वपूर्ण विशेषता मानी जा रही है।

क्लब हाउस से स्विमिंग पूल तक, मिलेंगी 50 से अधिक सुविधाएं

'उपवन' को केवल फ्लैटों का समूह नहीं। बल्कि एक आधुनिक लाइफस्टाइल टाउनशिप बनाने की योजना है। यहां निवासियों की रोजमर्रा की जरूरतों और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए 50 से अधिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित सुविधाओं में शामिल हैं:-

  • तीन मंजिला क्लब हाउस (ग्राउंड प्लस दो मंजिल), जिसका क्षेत्रफल करीब 16,200 वर्गफुट होगा।
  • आधुनिक स्विमिंग पूल।
  • जॉगिंग और वॉकिंग ट्रैक।
  • हरे-भरे पार्क और लैंडस्केप गार्डन।
  • रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार और रिटेल दुकानें।
  • मंदिर और सामुदायिक गतिविधियों के लिए स्थान।
  • स्टिल्ट और खुले पार्किंग स्थल।
  • क्लब हाउस को टाउनशिप का प्रमुख सामुदायिक केंद्र बनाने की योजना है।
  • यहां लोग मनोरंजन, सामाजिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे।

पुराने आवास धारकों को भी मिलेगा नए फ्लैट का लाभ

  • इस परियोजना में पहले से आवास बोर्ड के आवंटियों को भी ध्यान में रखा गया है। पुनर्विकास से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण सवालों में से एक यह है कि निर्माण के दौरान पुराने आवास धारकों की व्यवस्था कैसे होगी। उपलब्ध प्रोजेक्ट संबंधी जानकारी के अनुसार, पात्र पुराने आवास धारकों को निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत नए फ्लैट आवंटित करने की योजना है।
  • निर्माण अवधि के दौरान पात्र निवासियों के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने के उद्देश्य से ट्रांजिट रेंट यानी किराया सहायता का भी प्रावधान बताया गया है। हालांकि, किस आवास धारक को कितना क्षेत्रफल मिलेगा, किराये की राशि क्या होगी और आवंटन की शर्तें क्या रहेंगी, इसकी डिटेल्स जानकारी सामने आना अभी बाकी है।

3 साल में पूरा करने का लक्ष्य, NBCC के साथ मिलकर होगा निर्माण

'उपवन' हाउसिंग प्रोजेक्ट को बिहार राज्य आवास बोर्ड और NBCC मिलकर विकसित करेंगे। NBCC केंद्र सरकार का सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जिसे बड़े निर्माण और पुनर्विकास प्रोजेक्ट का अनुभव है। इस प्रोजेक्ट को सेल्फ फाइनेंसिंग मॉडल पर विकसित करने की योजना है। यानी परियोजना का वित्तीय ढांचा इस तरह तैयार किया जाएगा कि निर्माण और विकास का खर्च परियोजना से होने वाली आय के माध्यम से पूरा किया जा सके।

योजना के मुताबिक, परियोजना को करीब तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। NBCC और बिहार सरकार के बीच पटना की कई पुनर्विकास परियोजनाओं को लेकर नवंबर 2026 में समझौता ज्ञापन भी हुआ है। इसमें बहादुरपुर के सेक्टर-5 और सेक्टर-6 की आवासीय योजनाएं भी शामिल हैं।

बहादुरपुर के सेक्टर-6 का भी होगा कायाकल्प

बहादुरपुर में बदलाव की योजना केवल सेक्टर-5 तक सीमित नहीं है। इसके साथ सेक्टर-6 की पुरानी आवासीय कॉलोनी के पुनर्विकास की भी योजना है। सेक्टर-6 में करीब 21 एकड़ जमीन पर पुरानी रेजिडेंशियल स्ट्रक्चर्स को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने की तैयारी है। यहां की कई इमारतें लगभग चार दशक पुरानी हैं। समय के साथ उनकी स्थिति खराब होती गई।

NBCC की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 और सेक्टर-6 की दोनों आवासीय प्रोजेक्ट्स को मिलाकर कुल 3,331 फ्लैट विकसित किए जाने हैं। इनमें EWS, LIG, MIG और HIG कैटेगरी के आवास शामिल होंगे।

पटना के रियल एस्टेट और शहरी विकास को मिल सकती है नई दिशा

'उपवन' जैसी परियोजना पटना के आवासीय विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। राजधानी में तेजी से आबादी बढ़ने के साथ आधुनिक आवास, बेहतर पार्किंग, हरियाली, स्कूल और अस्पतालों की मांग भी बढ़ रही है। ऐसे में सरकारी जमीन पर योजनाबद्ध तरीके से हाईराइज टाउनशिप विकसित करने का मॉडल भविष्य में अन्य इलाकों के लिए भी उदाहरण बन सकता है।

ये भी पढ़ें- Sharad Kapoor: आर्थिक मदद की गुहार लगा रहे शरद कपूर की पत्नी कोयल बसु कौन हैं? पश्चिम बंगाल के पूर्व CM से है खास रिश्ता

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।