Rajasthan DA Hike : राजस्थान के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी है। सरकार ने आज शनिवार को महंगाई भत्ते में 4 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जनवरी 2023 से 42 फीसदी महंगाई भत्ता (DA) मिलेगा। पहले उन्हें 38 फीसदी डीए दिया जा रहा था। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस फैसले से राज्य के लगभग 8 लाख कर्मचारियों और 4.40 लाख पेंशनर्स को लाभ होगा।
इन कर्मचारियों को भी होगा फायदा
बता दें कि सरकार के इस फैसले का फायदा राज्य कर्मचारियों के अलावा वर्क-चार्ज्ड, पंचायत समिति और जिला परिषद कर्मचारियों को भी होगा। इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना करीब 1,640 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ पड़ेगा। बता दें कि इससे पहले 30 अक्टूबर को भी 4 फीसदी महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने की घोषणा की गई थी। कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जुलाई 2022 से 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाना था। उससे पहले यह 34 फीसदी था।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार ने डीए की घोषणा की, लेकिन इसे लंबे समय के बाद लागू किया गया। वहीं, राजस्थान सरकार की घोषणा के साथ कर्मचारियों व पेंशनर्स को बढ़ी हुई राशि का तत्काल भुगतान किया जाएगा। बता दें कि राजस्थान सरकार ने कर्मचारियों से जुड़े कई फैसले पहले भी लिए हैं। पिछले बजट से ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की गई थी। सीएम अशोक गहलोत कई बार इस बात का जिक्र कर चुके हैं कर्मचारियों से जुड़े मामलों में तुरंत फैसले किए जाएंगे।