Rakesh Jhunjhunwala Portfolio: दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला ने वित्त वर्ष 2022 की मार्च तिमाही में टाइटन (Titan) में अपनी हिस्सेदारी घटाई है। टाइटन लिमिटेड, टाटा ग्रुप (Tata Group) की फ्लैगशिप कंपनियों में से एक है। 31 मार्च तक की शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक Rakesh Jhunjhunwala के पास टाइटन के 3,53,10,395 शेयर या 3.98 फीसदी हिस्सेदारी थी। वहीं दिसंबर तिमाही में उनके पास कंपनी की 4.02 फीसदी हिस्सेदारी थी।
इस साल 2.5% गिरे हैं टाइटन के शेयर
बुधवार को टाइटन के शेयर 1.07 फीसदी नीचे गिरकर 2,461.50 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। गुरुवार और शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश के चलते बाजार बंद थे। टाइटन के शेयर साल 2022 में अभी तक 2.47 फीसदी नीचे गिरे है। राकेश झुनझुनवाला की पत्नी रेखा झुनझुनवाला के पास टाइटन की 1.07 फीसदी हिस्सेदारी है और मार्च तिमाही में इनकी हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
यह भी दिलचस्प है कि राकेश झुनझुनवाला ने दिसंबर तिमाही में टाइटन कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 4.02 फीसदी की थी। इससे पहले सितंबर 2021 तिमाही में उनकी कंपनी में हिस्सेदारी 3.8 फीसदी थी।
झुनझुनवाला खुद के और अपनी पत्नी दोनों के नाम से निवेश करते हैं। वह एक क्वालिफाइड चार्टेड अकाउंटेंट हैं और रेयर एंटरप्राइजेज नाम से एक एसेट फर्म को मैनेज करते हैं। उनके निवेश और पोर्टफोलियो पर मार्केट पार्टिसिपेंट्स करीबी निगाह रखते हैं। उन्हें अक्सर भारत का बिग बुल भी कहा जाता है।
टाइटन ने जारी किया बिजनेस अपडेट
टाइटन ने हाल ही में मार्च तिमाही का बिजनेस अपडेट जारी किया था। इसके मुताबिक ज्वैलरी कारोबार का वॉल्यूम मार्च तिमाही में 4% घटा है। जनवरी में लॉकडाउन और महंगे सोने का असर अपडेट के आंकड़ों पर देखने को मिला है। इसके अलावा पिछले साल के ऊंचे बेस का भी असर हुआ है। हालांकि कंपनी के ज्वेलरी कारोबार में 2 साल के CAGR आधार पर 28% ग्रोथ देखने को मिली है।
CLSA ने Titan पर राय व्यक्त करते हुए इस शेयर पर अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है। इन्होंने इसका लक्ष्य 2540 रुपये तय किया है। उनका कहना है कि मैनेजमेंट के मुताबिक डिमांड का ट्रेंड मजबूत है। सालाना आधार पर चौथी तिमाही में आय में 3% की कमी देखने को मिली है। वहीं EBITDA Margin 13.2% रहने की उम्मीद है। सालाना आधार पर अर्निंग ग्रोथ 15 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। मैनेजमेंट को उम्मीद है डिमांड में आगे मजबूती देखने को मिलेगी।