सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड गिरकर 4100 डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गया है। चांदी भी गिरकर 54 डॉलर प्रति औंस से नीचे चल रही है। इधर, भारत में भी गोल्ड फ्यूचर्स और सिल्वर फ्यूचर्स में बड़ी गिरावट आई है। इसकी बड़ी वजह क्रूड की कीमतों में उछाल है। 23 अक्तूबर को ब्रेंट क्रूड 114 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4100 डॉलर से नीचे आया सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 4,019 प्रति औंस पर चल रहा था, जबकि स्पॉट सिल्वर 53.92 डॉलर प्रति औंस था। भारत में कमोडिटी एक्सचेंज MCX में सिल्वर फ्यूचर्स 2.05 फीसदी यानी करीब 4,184 रुपये गिरकर 1,95,415 रुपये प्रति किलोग्राम था। लंबे समय बाद सिल्वर फ्यूचर्स 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से नीचे आया है। एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स 0.51 फीसदी गिरकर 1,42,580 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
इस हफ्ते सोने में 3.6 फीसदी की गिरावट
यह हफ्ते बुलियन के लिए खराब रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में इस हफ्ते 3.6 फीसदी गिरावट आई है। जून के बाद सोने में इतनी ज्यादा गिरावट का यह पहला हफ्ता है। बुलियन की कीमतों पर क्रूड में उछाल का असर पड़ा है। हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब पर नए हमलों ने मध्यपूर्व में टेंशन बढ़ा दिया है। इससे क्रूड की कीमतें चढ़ रही हैं।
क्रूड में उछाल से तेजी से बढ़ रही महंगाई
अगर क्रूड की कीमतें मौजूदा लेवल पर टिकी रहती हैं तो इससे दुनियाभर में तेजी से महंगाई बढ़ेगी। तब महंगाई को बढ़ने से रोकने के लिए फेडरल रिजर्व सहित दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों को इंटरेस्ट रेट बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ेगा। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने पिछले महीने इंटरेस्ट रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था।
बुलियन मार्केट की नजरें फेड के फैसले पर
फेडरल रिजर्व की बैठक 27 अक्तूबर को शुरू होगी। इसके नतीजे 28 अक्तूबर को भारतीय समय के मुताबिक देर रात आएंगे। बुलियन मार्केट की नजरें फेड के फैसले पर लगी हैं। अगर फंड 28 अक्तूबर को इंटरेस्ट रेट बढ़ाता है तो इसका खराब असर बुलियन यानी सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ेगा। इंटरेस्ट रेट बढ़ने के माहौल में सोने की चमक फीकी पड़ जाती है।
चांदी रिकॉर्ड ऊंचाई से 50 फीसदी से ज्यादा गिरी
इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंच गई थी। चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। सोना 2,47,917 रुपये प्रति 10 ग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया था। सोना अंतरराष्ट्रीय बाजार में 5,586 डॉलर पर पहुंच गया था। तब से सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट आई है। चांदी तो अपने पीक लेवल से 50 फीसदी से ज्यादा गिर चुकी है।