Sukanya Samridhi Yojna: अगर आपने अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि खाता (SSA) खुलवाया है या खोलने की सोच रहे हैं, तो यह अपडेट आपके काम का है। सरकार ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही के लिए इस योजना की ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी अभी भी इस स्कीम पर 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है, जो सालाना कंपाउंड होता है।
सुकन्या समृद्धि योजना खास तौर पर बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए शुरू की गई है। इसमें माता-पिता या पेरेंट्स बेटी के नाम पर निवेश कर सकते हैं। खाते की मैच्योरिटी 21 साल में होती है, जबकि निवेश केवल पहले 15 साल तक करना होता है।
सुकन्या समृद्धि योजना में आप कम से कम 250 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं। वहीं एक फाइनेंशियल ईयर में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। आप अपनी सुविधा के अनुसार एकसाथ या कई बार में पैसे जमा कर सकते हैं।
सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याज हर साल खाते में जुड़ता है। महीने के दौरान खाते में मौजूद सबसे कम बैलेंस के आधार पर ब्याज की कैलकुलेशन होती है और फाइनेंशियल ईयर के अंत में इसे जोड़ दिया जाता है।
बेटी की पढ़ाई के लिए 18 साल की उम्र के बाद या 10वीं पास करने के बाद खाते से 50% तक रकम निकाली जा सकती है। यह रकम एक बार में या किस्तों में ली जा सकती है। कुछ खास परिस्थितियों में, जैसे गंभीर बीमारी या अभिभावक की मृत्यु होने पर, खाता 5 साल बाद समय से पहले बंद किया जा सकता है। सुकन्या समृद्धि योजना एक सुरक्षित और अच्छा रिटर्न देने वाली स्कीम है, जो बेटियों की पढ़ाई और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए मजबूत फाइनेंशियल सपोर्ट दे सकती है।