FD Calculator: यह बैंक एफडी पर दे रहा 8.60% इंटरेस्ट, जानिए 10,00,000 एफडी 5 साल के लिए करने पर कितनी होगी कमाई

सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक 30 महीने के एफडी पर 8.10 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। 18 महीने के एफडी पर इंटरेस्ट रेट 8.01 फीसदी है। 30 महीने के एफडी पर बैंक सीनियर सिटीजंस को 8.25 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है

अपडेटेड Nov 07, 2026 पर 1:43 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस स्कीम का फायदा 16 नवंबर तक उठाया जा सकता है।

सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक (एसएफबी) ने त्योहारों को ध्यान में रख स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट का ऐलान किया है। 3 करोड़ रुपये से कम के एफडी के लिए यह स्कीम उपलब्ध है। इस स्कीम के तहत 60 साल से कम उम्र का इनवेस्टर 8.25 फीसदी इंटरेस्ट रेट का फायदा उठा सकता है। सीनियर सिटीजंस को 5 साल के एफडी पर 8.60 फीसदी का इंटरेस्ट रेट मिलेगा। इस स्कीम का फायदा 16 नवंबर तक उठाया जा सकता है।

स्मॉल फाइनेंस बैंक एफडी पर दे रहे ज्यादा इंटरेस्ट 

सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक पर आरबीआई के नियम लागू होते हैं। यह स्मॉल फाइनेंस बैंक (SFB) की कैटेगरी में आता है। एसएफबी एफडी पर सरकारी बैंक और प्राइवेट बैंक से ज्यादा इंटरेस्ट रेट ऑफर कर रहे हैं। हालांकि, अलग-अलग एसएफबी के इंटरेस्ट रेट भी अलग-अलग हैं। कम अवधि के एफडी पर इंटरेस्ट रेट कम है, जबकि ज्यादा अवधि के एफडी पर ज्यादा है।


30 महीने के एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स

सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक 30 महीने के एफडी पर 8.10 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। 18 महीने के एफडी पर इंटरेस्ट रेट 8.01 फीसदी है। 30 महीने के एफडी पर बैंक सीनियर सिटीजंस को 8.25 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है। 18 महीने के एफडी पर सीनियर सिटीजंस को 8.16 फीसदी इंटरेस्ट ऑफर कर रहा है।

5 साल के एफडी पर इंटरेस्ट रेट्स

अगर कोई सीनियर सिटीजन 10 लाख रुपये का एफडी 5 साल के लिए करता है तो सालाना 8.6 फीसदी इंटरेस्ट रेट से उसका पैसा बढ़कर 15,30,268 रुपये हो जाएगा। इसका मतलब है कि 10,00,000 रुपये के निवेश पर उसे 5 साल में इंटरेस्ट से कुल 5,30,268 रुपये की कमाई होगी। 5 साल बाद इंटरेस्ट के साथ उसे पैसा वापस मिल जाएगा। सीनियर सिटीजन का मतलब 60 साल या इससे ज्यादा उम्र का व्यक्ति है।

नॉन-सीनियर सिटीजंस के लिए इंटरेस्ट रेट

60 साल से कम उम्र का व्यक्ति अगर 10,00,000 रुपये 5 साल के लिए एफडी करता है तो उसे सालाना 8.25 फीसदी का इंटरेस्ट रेट मिलेगा। इस रेट से 5 साल बाद उसे अपने पैसे पर 5,04,264 रुपये का इंटरेस्ट मिलेगा। 5 साल बाद इंटरेस्ट के साथ उसका पैसा बढ़कर 15,04,264 रुपये हो जाएगा। इसका मतलब है कि उसे सीनियर सिटीजंस के मुकाबले कम इंटरेस्ट इनकम होगी।

5 लाख से ज्यादा एफडी अलग-अलग बैंकों में करें

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को 5 लाख रुपये से ज्यादा एफडी करना है तो उसे एक ही बैंक में करने के बजाय अलग-अलग बैंक में करना चाहिए। इसकी वजह यह है कि बैंक में डिपॉजिट को मैक्सिमम 5 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस कवर मिलता है। अगर किसी इनवेस्टर ने एक ही बैंक में 10 लाख रुपये का एफडी किया है तो बैंक के किसी मुश्किल में फंसने की स्थिति में प्रति अकाउंट मैक्सिमम 5 लाख तक का इंश्योरेंस कवर मिलेगा।

 

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।