Udhampur Blast: जम्मू क्षेत्र के उधमपुर शहर में बुधवार को जिला अदालत के बाहर विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट दोपहर करीब एक बजे हुआ। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह (Jitendra Singh) ने घटना के बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है।
उन्होंने कहा कि विस्फोट के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, इस विस्फोट में 13 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना में एक की जान चली गई और 13 घायलों को अस्पताल ले जाया गया। मैं डीसी श्रीमती इंदु चिब के साथ मिनट दर मिनट संपर्क में हूं।
वहीं, उधमपुर के SSP विनोद कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि उधमपुर के सलाथिया चौक पर विस्फोट में सात लोग घायल हुए हैं।
अधिकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है आगे की जांच में विस्फोट की तीव्रता का खुलासा किया जाएगा। एक डॉक्टर ने एएनआई से कहा कि कुल 15 लोग घायल हुए, जिनमें से 1 ने दम तोड़ दिया।