Voda Idea Share: 1 महीने में 44% की तेजी, अब खरीदें, बेचें या होल्ड करें? जानिए एक्सपर्ट्स से

Voda Idea Share: टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea का शेयर एक महीने में 44% और अप्रैल से 61% चढ़ चुका है। AGR राहत, प्रमोटर्स की नई फंडिंग और कारोबार में सुधार से उम्मीदें बढ़ी हैं। लेकिन भारी कर्ज और 5G निवेश की चुनौती अभी भी बरकरार है। एक्सपर्ट्स की राय जानिए।

अपडेटेड May 24, 2026 पर 11:04 PM
Story continues below Advertisement
ब्रोकरेज फर्म सिटी ने Vodafone Idea पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है और 14 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।

Voda Idea Share: एक वक्त वजूद के संकट से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea (Vi) के शेयरों में पिछले डेढ़ महीने के दौरान जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। अप्रैल 2026 की शुरुआत से कंपनी का शेयर करीब 61% चढ़कर 52 हफ्तों के नए हाई लेवल पर पहुंच गया है। पिछले 1 महीने में यह 44% चढ़ा है। यह फिलहाल 52वीक हाई के आसपास 13.71 रुपये पर है।

बाजार के जानकारों का मानना है कि इस तेजी के पीछे सरकार से मिली AGR राहत, प्रमोटर्स की नई फंडिंग और बैंकों से संभावित कर्ज मिलने की उम्मीद जैसी कई बड़ी वजहें हैं।

AGR राहत से मिली बड़ी मदद


Vodafone Idea को सबसे बड़ी राहत तब मिली, जब दूरसंचार विभाग (DoT) ने उसकी AGR देनदारियों में करीब 27% की कटौती कर दी। इससे कंपनी पर नकदी का दबाव काफी कम हुआ और नए निवेश जुटाने की राह आसान हो गई। एनालिस्टों का कहना है कि इस कदम से कंपनी की वित्तीय स्थिति को मजबूत आधार मिला है और कारोबार को संभालने के लिए जरूरी राहत भी मिली है।

प्रमोटर्स ने बढ़ाया भरोसा

AGR राहत मिलने के बाद प्रमोटर आदित्य बिड़ला ग्रुप का भी कंपनी में भरोसा बढ़ा। ग्रुप की सिंगापुर स्थित इकाई ने Vodafone Idea में 4,730 करोड़ रुपये निवेश करने की घोषणा की है। यह रकम कंपनी के नेटवर्क विस्तार और कर्ज के बोझ को कम करने में मदद करेगी। इस निवेश के लिए कंपनी ने शेयरधारकों से मंजूरी भी मांगी है।

कारोबार में दिख रहे सुधार के संकेत

वोडाफोन आइडिया के लिए सिर्फ राहत पैकेज और नई फंडिंग ही अच्छी खबर नहीं है। उसके कारोबार में भी सुधार के संकेत दिखाई देने लगे हैं। ग्राहकों के कंपनी छोड़ने की दर (चर्न) में कमी आई है, प्रति ग्राहक औसत आय (ARPU) बढ़ी है और घाटा भी पहले के मुकाबले कम हुआ है। इन सकारात्मक संकेतों को देखते हुए रेटिंग एजेंसी ICRA ने Vodafone Idea की रेटिंग आउटलुक को 'स्टेबल' से बढ़ाकर 'पॉजिटिव' कर दिया है।

शेयर में क्यों आई इतनी तेजी?

बाजार को उम्मीद है कि AGR राहत, प्रमोटर्स की नई पूंजी और संभावित बैंक फंडिंग के दम पर Vodafone Idea अपनी वित्तीय स्थिति को बेहतर बना सकती है। निवेशकों को यह भी भरोसा है कि कंपनी नेटवर्क विस्तार पर खर्च बढ़ाकर ग्राहकों को बनाए रखने और नए ग्राहक जोड़ने में सफल हो सकती है। यही उम्मीदें हाल के दिनों में शेयर में आई तेज उछाल की प्रमुख वजह मानी जा रही हैं।

चुनौतियां अभी भी बाकी

हालांकि तस्वीर पूरी तरह आसान नहीं है। कई वैश्विक ब्रोकरेज हाउसेज अब भी Vodafone Idea को लेकर सतर्क हैं। उनका कहना है कि कंपनी के सामने भारी कर्ज, 5G और नेटवर्क विस्तार के लिए बड़ी पूंजी की जरूरत और Reliance Jio तथा Bharti Airtel जैसी मजबूत कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं।

मार्च तिमाही के नतीजों में क्या खास रहा?

Vodafone Idea ने मार्च तिमाही में 51,970 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। हालांकि यह मुनाफा मुख्य रूप से AGR देनदारियों के पुनर्मूल्यांकन से मिले एकमुश्त अकाउंटिंग लाभ की वजह से आया। दूसरी तरफ कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर सिर्फ 3% बढ़कर 11,332 करोड़ रुपये रहा। इससे साफ है कि कंपनी के कारोबार में सुधार जरूर दिख रहा है, लेकिन ग्रोथ की रफ्तार अभी सीमित है।

वोडा आइडिया पर ब्रोकरेज की राय

मार्च तिमाही (Q4 FY26) के नतीजों के बाद Vodafone Idea को लेकर ब्रोकरेज हाउसेज की राय बंटी हुई नजर आ रही है। कुछ ब्रोकरेज AGR राहत और नई फंडिंग को कंपनी के लिए बड़ा सकारात्मक कदम मान रहे हैं। वहीं, कुछ अब भी भारी कर्ज और भविष्य की फंडिंग जरूरतों को लेकर सतर्क हैं।

Citi की राय: ब्रोकरेज फर्म सिटी ने Vodafone Idea पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है और 14 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि AGR बकाये में कटौती के बाद कंपनी का कुल कर्ज घटा है। प्रमोटर्स की नई फंडिंग और ग्राहकों के छोड़ने में कमी जैसे संकेत कारोबार में सुधार की ओर इशारा करते हैं। हालांकि सिटी ने यह भी कहा है कि यह शेयर अभी भी हाई-रिस्क कैटेगरी में आता है।

Nomura का रुख: नोमुरा का नजरिया अपेक्षाकृत सावधानी भरा है। ब्रोकरेज का मानना है कि Vodafone Idea के सामने सबसे बड़ी चुनौती नेटवर्क विस्तार और 5G सेवाओं के लिए जरूरी पूंजी जुटाना है। कंपनी को अपने प्रतिस्पर्धियों के बराबर नेटवर्क मजबूत करने के लिए बड़े निवेश की जरूरत होगी। इसी वजह से नोमुरा शेयर में आई हालिया तेजी के बावजूद सतर्क रहने की सलाह देता है।

JPMorgan की चिंता: जेपी मॉर्गन भी कंपनी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिखता। ब्रोकरेज का कहना है कि आने वाले समय में सबसे अहम सवाल यह होगा कि Vodafone Idea बैंकों और अन्य स्रोतों से पर्याप्त फंडिंग जुटा पाती है या नहीं। कंपनी की लॉन्ग टर्म ग्रोथ और बाजार में प्रतिस्पर्धी स्थिति काफी हद तक इसी पर निर्भर करेगी।

दूसरे ब्रोकरेज क्या कह रहे हैं?

CLSA, Nuvama, Motilal Oswal, Axis Capital, JM Financial और ICICI Securities जैसे कई ब्रोकरेज मानते हैं कि AGR राहत, प्रमोटर्स का निवेश और परिचालन स्तर पर दिख रहे सुधार सकारात्मक संकेत हैं।

हालांकि उनका यह भी कहना है कि कंपनी के सामने अभी कई चुनौतियां बनी हुई हैं। इनमें भारी कर्ज, 5G और नेटवर्क विस्तार के लिए बड़े निवेश की जरूरत है। यही वजह है कि ज्यादातर ब्रोकरेज अभी शेयर को लेकर पूरी तरह आक्रामक रुख नहीं अपना रहे हैं।

Stock Market Holiday: अगले हफ्ते 4 दिन ही खुलेगा बाजार, जानिए कब रहेगी बकरीद की छुट्टी

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।