Wedding SIP: अपनी शादी के लिए भी SIP से बना सकते हैं बड़ा फंड, लेकिन इन 8 बातों का रखें ध्यान
Wedding SIP: शादी के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सही समय पर शुरू की गई SIP आपकी बड़ी चिंता कम कर सकती है। कितनी SIP करनी चाहिए, कौन-सा फंड चुनें और किन गलतियों से बचें, समझिए पूरा कैलकुलेशन।
शादी में अभी 3, 5 या 10 साल का समय है, तो SIP के जरिए फंड बनाना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है।
Wedding SIP: शादी जिंदगी के सबसे बड़े और यादगार पड़ावों में से एक होती है। लेकिन इसके साथ एक बड़ी चुनौती भी जुड़ी होती है, और वह है खर्च। आज के समय में एक सामान्य शादी पर भी लाखों रुपये खर्च हो सकते हैं। वेन्यू, कैटरिंग, कपड़े, ज्वेलरी, फोटोग्राफी, हनीमून और शादी के बाद की जरूरतों को जोड़ दें तो बजट तेजी से बढ़ जाता है।
यही वजह है कि अब कई युवा शादी के लिए पहले से वित्तीय योजना बनाना शुरू कर रहे हैं। अगर शादी में अभी कुछ साल का समय है, तो SIP यानी सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान इसके लिए एक अच्छा विकल्प बन सकता है।
1. क्या शादी के लिए SIP करना सही है?
अगर आपकी शादी में अभी 3, 5 या 10 साल का समय है, तो SIP के जरिए फंड बनाना एक समझदारी भरा फैसला हो सकता है। शादी कोई अचानक आने वाला खर्च नहीं होता। ज्यादातर लोगों को अंदाजा होता है कि अगले कुछ वर्षों में उन्हें इस खर्च की जरूरत पड़ सकती है।
ऐसे में हर महीने थोड़ी-थोड़ी रकम निवेश करके एक बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। इससे शादी के समय कर्ज लेने या अपनी दूसरी बचत तोड़ने की जरूरत कम पड़ सकती है।
2. कौन से खर्च SIP से पूरे हो सकते हैं?
अक्सर लोग सोचते हैं कि शादी का खर्च सिर्फ वेडिंग हॉल और खाने-पीने तक सीमित होता है, लेकिन हकीकत इससे कहीं बड़ी है।
SIP से तैयार किया गया फंड वेन्यू बुकिंग, कैटरिंग, ज्वेलरी, कपड़े, मेकअप, फोटोग्राफी, डेकोरेशन, हनीमून और ट्रैवल जैसे खर्चों में काम आ सकता है। इसके अलावा शादी के बाद घर बसाने, फर्नीचर खरीदने, नए शहर में शिफ्ट होने या कार की डाउन पेमेंट जैसे खर्च भी इसी फंड से पूरे किए जा सकते हैं।
3. लड़के के लिए Wedding SIP
शादी के बाद लड़कों पर कई नए वित्तीय खर्च आ सकते हैं। किराए का घर, फर्नीचर, घरेलू सामान, वाहन, यात्रा और भविष्य के लिए इमरजेंसी फंड जैसी जरूरतें एक साथ सामने आ सकती हैं।
अगर कोई युवक शादी से 5-10 साल पहले SIP शुरू कर देता है, तो शादी के समय उसके पास एक अच्छा फंड हो सकता है। इससे शादी के बाद आर्थिक दबाव काफी कम हो सकता है और नई जिंदगी की शुरुआत ज्यादा आराम से की जा सकती है।
4. लड़कियों के लिए कितना अहम
आज बड़ी संख्या में महिलाएं नौकरी करती हैं और अपनी वित्तीय योजना खुद बनाती हैं। ऐसे में शादी के लिए SIP उनके लिए भी उपयोगी हो सकती है।
यह फंड ज्वेलरी, शादी से जुड़े व्यक्तिगत खर्च, हनीमून, नए शहर में बसने या शादी के बाद अतिरिक्त वित्तीय सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। कई महिलाएं इसे अपने स्वतंत्र वित्तीय बैकअप के रूप में भी देखती हैं। इससे भविष्य में किसी जरूरत के समय उन्हें दूसरों पर निर्भर न रहना पड़े।
5,000 रुपये की SIP कितना फंड बना सकती है?
मान लीजिए आप हर महीने 5,000 रुपये की SIP करते हैं और आपको औसतन 12% सालाना रिटर्न मिलता है। अगर आप यह निवेश 3 साल तक जारी रखते हैं, तो आपका कुल निवेश 1.8 लाख रुपये होगा। इस दौरान आपका फंड बढ़कर करीब 2.18 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।
अगर यही SIP 5 साल तक जारी रखी जाए, तो कुल निवेश 3 लाख रुपये होगा। कंपाउंडिंग का असर दिखना शुरू होगा और फंड की वैल्यू करीब 4.12 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।
वहीं अगर आप 10 साल तक हर महीने 5,000 रुपये निवेश करते हैं, तो आपका कुल निवेश 6 लाख रुपये होगा, लेकिन फंड बढ़कर करीब 11.5 लाख रुपये तक पहुंच सकता है। इन पैसों से आप अपनी शादी की कई जरूरतें पूरी कर सकते हैं।
6. किस तरह का फंड चुनना चाहिए?
फंड का चुनाव इस बात पर निर्भर करता है कि शादी में कितना समय बाकी है। अगर शादी में 7 से 10 साल का समय है, तो फ्लेक्सी कैप फंड, इंडेक्स फंड या लार्ज एंड मिडकैप फंड जैसे इक्विटी फंड अच्छे विकल्प हो सकते हैं। लंबी अवधि में इन फंड्स के पास बेहतर रिटर्न देने की संभावना रहती है।
अगर शादी 3 से 5 साल दूर है, तो हाइब्रिड फंड या बैलेंस्ड एडवांटेज फंड पर विचार किया जा सकता है। इनमें जोखिम और रिटर्न के बीच अपेक्षाकृत संतुलन देखने को मिलता है।
वहीं अगर शादी अगले 1 से 3 साल में है, तो डेट फंड, आर्बिट्राज फंड, एफडी या आरडी जैसे विकल्प ज्यादा बेहतर हो सकते हैं। इतनी छोटी अवधि के लिए पूरी रकम इक्विटी फंड में रखना जोखिम भरा हो सकता है। क्योंकि इतने कम समय में कंपाउडिंग असर नहीं दिखा पाएगी। और मार्केट भी ऊपर नीचे रह सकता है।
7. SIP कितने समय पहले शुरू करनी चाहिए?
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि किसी भी बड़े लक्ष्य के लिए जितनी जल्दी निवेश शुरू किया जाए, उतना बेहतर होता है।
अगर शादी में 5 साल या उससे ज्यादा समय है, तो SIP शुरू करने का यह अच्छा मौका हो सकता है। वहीं 10 साल या उससे ज्यादा समय मिलने पर छोटी SIP भी एक बड़ा फंड तैयार कर सकती है। लेकिन, अगर आपका प्लान तीन साल से कम समय में शादी का है, तो SIP ज्यादा कारगर नहीं होगी। यहां तक कि नुकसान का जोखिम भी रह सकता है।
8. सिर्फ शादी के लिए ही निवेश करना सही नहीं
शादी महत्वपूर्ण लक्ष्य जरूर है, लेकिन यह अकेला वित्तीय लक्ष्य नहीं होना चाहिए। निवेश करते समय इमरजेंसी फंड, स्वास्थ्य बीमा और भविष्य की दूसरी जरूरतों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
अगर कोई व्यक्ति केवल शादी के लिए निवेश करता है और बाकी वित्तीय सुरक्षा को नजरअंदाज कर देता है, तो आगे चलकर मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।