PF Withdrawal Rules: नौकरी बदलना आजकल आम बात है। बेहतर सैलरी और करियर ग्रोथ के लिए लोग एक कंपनी छोड़कर दूसरी जॉइन करते हैं। लेकिन इस दौरान एक सवाल अक्सर परेशान करता है। पुरानी कंपनी में जमा PF और पेंशन का क्या होगा? क्या नया अकाउंट खुल जाएगा? क्या पुराना पैसा निकाल सकते हैं? और क्या नौकरी बदलने से रिटायरमेंट के लिए जमा पेंशन पर असर पड़ेगा?
अच्छी बात यह है कि नौकरी बदलने पर आपका PF और पेंशन का पैसा खत्म नहीं होता। सही प्रक्रिया अपनाने पर पुरानी नौकरी की बचत और सर्विस रिकॉर्ड आगे भी जारी रह सकते हैं।
UAN वही रहेगा, सिर्फ अकाउंट बदलेगा
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि नौकरी बदलने पर आपको नया UAN बनवाने की जरूरत नहीं है। UAN यानी यूनिवर्सल अकाउंट नंबर पूरी नौकरी के दौरान एक ही रहता है। नई कंपनी को अपना पुराना UAN देना होता है। इसके बाद नई कंपनी उसी UAN से आपका नया PF मेंबर ID जोड़ती है।
पुरानी कंपनी में जमा PF का पैसा नए अकाउंट में ट्रांसफर कराया जा सकता है। इसके लिए EPFO पोर्टल पर ऑनलाइन ट्रांसफर क्लेम की सुविधा है। ज्यादातर मामलों में अब इसके लिए पुरानी या नई कंपनी की मंजूरी की जरूरत भी नहीं होती। EPFO ने जनवरी 2025 में इस प्रक्रिया को आसान किया था।
पेंशन का पैसा ट्रांसफर कैसे होता है?
यहां एक जरूरी बात समझनी होगी। PF और पेंशन दोनों एक चीज नहीं हैं। PF में कर्मचारी और नियोक्ता का योगदान जमा होता है। इस पर ब्याज भी मिलता है। वहीं, पेंशन का पैसा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की कर्मचारी पेंशन योजना यानी EPS के तहत आता है।
नौकरी बदलने पर EPS का पैसा सामान्य PF की तरह नए खाते में ट्रांसफर नहीं दिखता। इसके बजाय आपकी पुरानी नौकरी की पेंशन सर्विस नई नौकरी के रिकॉर्ड से जुड़ती है। यही सर्विस आगे पेंशन की पात्रता तय करने में काम आती है। इसलिए PF ट्रांसफर के साथ पेंशन सर्विस हिस्ट्री भी चेक करना जरूरी है।
10 साल की नौकरी क्यों है जरूरी?
EPS के तहत आमतौर पर 10 साल की पात्र सर्विस पूरी करने पर मासिक पेंशन का हक बनता है। सामान्य पेंशन 58 साल की उम्र में मिलती है। 50 साल की उम्र के बाद कुछ शर्तों के साथ अर्ली पेंशन भी ली जा सकती है।
मान लीजिए आपने पहली कंपनी में 6 साल काम किया और दूसरी कंपनी में 5 साल। अगर आपकी पेंशन सर्विस सही तरीके से जुड़ी हुई है, तो कुल सर्विस 11 साल मानी जा सकती है। इस तरह आप पेंशन की 10 साल वाली शर्त पूरी कर सकते हैं।
नौकरी छोड़ते ही PF निकालना सही है?
अगर आप नई EPF कवर वाली कंपनी में जा रहे हैं, तो पुराना PF निकालने के बजाय उसे ट्रांसफर करना बेहतर रहता है। इससे आपकी बचत पर ब्याज मिलता रहता है और पेंशन की सर्विस भी जुड़ी रहती है। नौकरी के बीच ब्रेक आने पर भी पुरानी सर्विस अपने आप खत्म नहीं होती।
इसलिए नौकरी बदलते समय UAN, KYC, पुरानी कंपनी की Date of Exit और PF ट्रांसफर का स्टेटस जरूर चेक करें। इससे रिटायरमेंट के समय पैसा और पेंशन पाने में परेशानी से बचा जा सकता है।