Emergency Fund Tips: क्या इमरजेंसी फंड को अलग बैंक अकाउंट में रखना सही है? जानिए सही तरीका और 5 बड़े फायदे

Emergency Fund Savings Tips: क्या आपका इमरजेंसी फंड भी राशन, शॉपिंग और बिल वाले रेगुलर अकाउंट में ही पड़ा है? तो अनजाने में ही सही, यह पैसा धीरे-धीरे खत्म हो सकता है! जानिए SEBI और विशेषज्ञों के अनुसार इमरजेंसी फंड को अलग अकाउंट में रखने के क्या फायदे हैं, 50-50 का स्मार्ट फॉर्मूला क्या है और ₹5 लाख तक के बैंक डिपॉजिट इंश्योरेंस का कैसे उठाएं फायदा!

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 12:17 PM
अलग अकाउंट होने से आपको पता रहता है कि आपका बैकअप फंड कितना सुरक्षित है

Emergency Fund: जीवन में कोई संकट कभी भी बताकर नहीं आता। नौकरी का अचानक जाना, मेडिकल इमरजेंसी, घर या गाड़ी की अचानक मरम्मत या परिवार में कोई अचानक आई जिम्मेदारी आपके बजट पर भारी दबाव डाल सकती है। ऐसे समय के लिए बनाया गया 'इमरजेंसी फंड' आपको फाइनेंशियल संकट से बचाता है।

लेकिन क्या आप अपना इमरजेंसी फंड उसी बैंक अकाउंट में रखते हैं, जिससे आप राशन, ऑनलाइन शॉपिंग, बिजली के बिल और वीकेंड का खर्च चलाते हैं? अगर हां, तो अनजाने में ही सही, आपका यह फंड धीरे-धीरे खत्म हो सकता है। आइए आपको बताते हैं कि इमरजेंसी फंड को दैनिक खर्च वाले अकाउंट से अलग रखना क्यों जरूरी है और इसे मैनेज करने का सबसे बेहतर तरीका क्या है।

क्यों जरूरी है अलग बैंक अकाउंट?


जब आपका इमरजेंसी फंड आपके रोजमर्रा के सेविंग्स अकाउंट में ही पड़ा रहता है, तो आपके दिमाग में यह भ्रम रहता है कि आपके पास खर्च करने के लिए बहुत पैसे हैं। उदाहरण के लिए, अकाउंट में पड़ा ₹1 लाख का बैलेंस आपको कोई नया स्मार्टफोन खरीदने, छुट्टी पर जाने या सेल में गैर-जरूरी शॉपिंग करने के लिए उकसा सकता है।

अलग अकाउंट होने से आपको पता रहता है कि आपका बैकअप फंड कितना सुरक्षित है। जब पैसे नजरों से थोड़ा दूर रहते हैं, तो उन्हें फालतू खर्चों में उड़ाने की संभावना बहुत कम हो जाती है। सैलरी आते ही इमरजेंसी फंड की राशि अलग अकाउंट में ट्रांसफर कर देने से आपको अपने नियमित अकाउंट में वास्तविक खर्च करने योग्य राशि का सटीक अंदाजा मिलता है।

SEBI की सलाह: निवेश से पहले बनाएं मजबूत बेस

बाजार नियामक SEBI की निवेशक शिक्षा सामग्री के अनुसार, किसी भी दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्य जैसे- घर खरीदना या शेयर बाजार/म्यूचुअल फंड में निवेश की शुरुआत करने से पहले एक मजबूत इमरजेंसी फंड तैयार करना अनिवार्य है। यह फंड आपको किसी भी आपात स्थिति में अपने मुख्य निवेश को समय से पहले भुनाने या नुकसान में बेचने से बचाता है।

रिटर्न के पीछे न भागें: केवल ब्याज दर देखकर न चुनें अकाउंट

कई लोग इमरजेंसी फंड पर ज्यादा रिटर्न पाने के चक्कर में उसे फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या कठिन शर्तों वाले ऑप्शंस में लॉक कर देते हैं। 24 जुलाई 2026 तक के RBI आंकड़ों के मुताबिक, बैंकों के साधारण बचत खातों पर औसतन 2.50% का ब्याज मिलता है, जबकि 1 साल से अधिक की एफडी पर 6.00% से 6.75% तक ब्याज उपलब्ध है।

इमरजेंसी फंड का मुख्य मकसद रिटर्न कमाना नहीं, बल्कि मुसीबत के वक्त तुरंत उपलब्ध होना है। अगर पूरा पैसा ऐसी एफडी में बंद होगा जिसे तुरंत निकालना मुश्किल हो, तो इमरजेंसी में आपकी परेशानी बढ़ सकती है।

सबसे सही कॉम्बिनेशन: 50-50 या 40-60 का फॉर्मूला

विशेषज्ञ इमरजेंसी फंड को दो हिस्सों में बांटकर रखने की सलाह देते हैं:

तत्काल जरूरत के लिए: फंड का एक हिस्सा (जैसे- 1-2 महीने के खर्च की राशि) नॉर्मल सेविंग्स अकाउंट या लिक्विड फंड में रखें, जिसे एटीएम या यूपीआई से तुरंत निकाला जा सके।

शॉर्ट-टर्म एफडी: बाकी बचे फंड को ऐसी एफडी या स्वीप-इन सुविधा वाले अकाउंट में रखें, जहां थोड़ा बेहतर ब्याज भी मिले और जरूरत पड़ने पर बिना किसी बड़ी पेनाल्टी के पैसा निकाला जा सके।

पैसों की सुरक्षा: DICGC इंश्योरेंस का ध्यान रखें

लिक्विडिटी के साथ-साथ पैसों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। रिजर्व बैंक की संस्था DICGC के तहत देश के बैंकों में प्रति जमाकर्ता अधिकतम ₹5 लाख तक की राशि (मूलधन + ब्याज) पूरी तरह बीमाकृत और सुरक्षित होती है।

एक्सपर्ट्स की सलाह ये भी है कि, अगर आपका इमरजेंसी फंड बहुत बड़ा है (जैसे- ₹10 लाख या उससे ज्यादा), तो पूरा पैसा एक ही बैंक में रखने के बजाय दो अलग-अलग प्रमुख बैंकों में बांटकर रखना अधिक सुरक्षित रणनीति हो सकती है।

समय-समय पर करें इमरजेंसी फंड की समीक्षा

इमरजेंसी फंड का साइज कभी भी हमेशा के लिए 'फिक्स्ड' नहीं होता। जीवन के बदलावों के साथ इसे बढ़ाते रहना चाहिए:

सिंगल व्यक्ति बनाम परिवार: एक अकेले कमाने वाले व्यक्ति की जरूरतें, दो आय वाले या बच्चों वाले परिवार से अलग होती हैं।

बदलावों पर दें ध्यान: नई नौकरी, नई होम/कार लोन की ईएमआई, बच्चे का जन्म, परिवार में बीमारी या घर के मासिक खर्च बढ़ने पर तुरंत अपने इमरजेंसी फंड का साइज बढ़ाएं।

अब अंत में फिर ये सवाल आता है कि क्या आपको अपना इमरजेंसी फंड अलग बैंक अकाउंट में रखना चाहिए? इसका जवाब है बिल्कुल, हां! इसका सबसे बड़ा फायदा ज्यादा ब्याज मिलना नहीं, बल्कि आपकी वित्तीय अनुशासन बनना है। इमरजेंसी फंड का पैसा इतना आसान जरूर होना चाहिए कि मुसीबत में तुरंत मिल सके, लेकिन इतना भी आसान नहीं होना चाहिए कि गैर-जरूरी चीजों में अनजाने में खर्च हो जाए।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।