Zero ITR Filing: जीरो ITR की डेडलाइन कब है, इसे भरने से क्या फायदे होंगे? जानिए हर एक डिटेल

Zero ITR Filing: अगर टैक्स देनदारी नहीं बनती, तो क्या फिर भी ITR भरना चाहिए? जीरो ITR कई मामलों में आपके काम आ सकती है। जानिए इसकी आखिरी तारीख, कौन इसे फाइल कर सकता है और लोन, वीजा व टैक्स रिफंड जैसे क्या-क्या फायदे मिलते हैं।

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 5:50 PM
होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन के लिए बैंक अक्सर पिछले 2-3 साल का ITR मांगते हैं।

Zero ITR Filing: अगर आपकी इनकम टैक्स के दायरे में नहीं आती, तब भी इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरना फायदेमंद रहता है। इसे आमतौर पर जीरो ITR कहा जाता है। यानी ऐसा ITR जिसमें आपकी टैक्स देनदारी शून्य होती है। आइए जानते हैं कि जीरो ITR कब तक फाइल कर सकते हैं और इसे भरने के क्या फायदे हैं?

जीरो ITR क्या होता है?

जीरो ITR का मतलब ऐसा इनकम टैक्स रिटर्न है, जिसमें आपकी टैक्स देनदारी नहीं बनती। ऐसा तब हो सकता है, जब आपकी टैक्सेबल आय बेसिक छूट सीमा से कम हो या टैक्स छूट और रिबेट के बाद आपका टैक्स जीरो हो जाए।


अगर आप जीरो ITR नहीं फाइल करते, तब भी कोई दिक्कत नहीं होगी। लेकिन, इसे फाइल करने से आपको कुछ अतिरिक्त फायदे मिल जाते हैं।

जीरो ITR की डेडलाइन

वित्त वर्ष 2025-26 (असेसमेंट ईयर 2026-27) के लिए ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 है।

अगर समय पर ITR नहीं भर पाए, तो तय नियमों के तहत बिलेटेड रिटर्न भी दाखिल किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए लेट फीस और अन्य शर्तें लागू हो सकती हैं।

जीरो ITR भरने के क्या फायदे हैं?

लोन मिलने में आसानी : होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन के लिए बैंक अक्सर पिछले 2-3 साल का ITR मांगते हैं। जीरो ITR भी आपकी आय का आधिकारिक रिकॉर्ड बन जाता है।

वीजा आवेदन में मदद : अमेरिका, कनाडा, यूरोप और कई दूसरे देशों के वीजा आवेदन के दौरान ITR मांगा जा सकता है। इससे आपकी वित्तीय स्थिति साबित करने में मदद मिलती है।

टैक्स रिफंड का दावा : अगर आपकी आय पर TDS कट गया है और टैक्स नहीं बनता, तो ITR भरकर आप रिफंड क्लेम कर सकते हैं।

आय का रिकॉर्ड : ITR आपकी कमाई का सरकारी रिकॉर्ड होता है। भविष्य में किसी भी वित्तीय या कानूनी जरूरत के समय यह दस्तावेज काम आता है।

बिजनेस में सहूलियत : कई सरकारी टेंडर, स्टार्टअप फंडिंग, बैंक क्रेडिट और अन्य वित्तीय प्रक्रियाओं में ITR की जरूरत पड़ सकती है।

किसे जीरो ITR भरना चाहिए?

अगर आपकी आय पर टैक्स नहीं बनता, तब भी कई मामलों में जीरो ITR फाइल करना फायदेमंद हो सकता है। जैसे, अगर आपकी सैलरी या दूसरी आय पर TDS कटा है और आप उसका रिफंड लेना चाहते हैं।

अगर आप भविष्य में होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेने की योजना बना रहे हैं। विदेश यात्रा के लिए वीजा आवेदन करना चाहते हैं, जहां ITR मांगा जाता है। या फिर अपनी आय का आधिकारिक वित्तीय रिकॉर्ड बनाकर रखना चाहते हैं। ऐसे सभी लोगों के लिए जीरो ITR फाइल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।