2nd Bada Mangal 2026: कल मनाया जाएगा ज्येष्ठ का दूसरा बड़ा मंगल, मंगल दोष से राहत के लिए करें ये उपाय

2nd Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले सभी मंगलवार को बड़ा मंगल कहा जाता है। इस साल ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल कल मनाया जाएगा। माना जाता है कि यह दिन मंगल दोष की परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण होता है। इस दिन कुछ उपाय करने से इन्हें राहत मिल सकती है

अपडेटेड May 11, 2026 पर 1:56 PM
Story continues below Advertisement
12 मई, 2026 को ज्येष्ठ का दूसरा बड़ा मंगल होगा।

2nd Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह दिन ही नहीं, ज्येष्ठ पूरा महीना हनुमान जी को अति प्रिय है। कहते हैं, उनके जीवन की कई प्रमुख घटनाएं इसी महीने में हुई थीं। इनमें से एक घटना उनकी और भगवान श्री राम के प्रथम मिलन की है। ज्येष्ठ माह में हनुमान जी पहली बार श्री राम से मिले थे। इसलिए इस पूरे माह में बजरंग बली की पूजा करने के विशेष फल प्राप्त होते हैं।

ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ के मंगलवार मंगल दोष के पीड़ित जातकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उज्जैन के ज्योतिष आचार्य आनंद भारद्वाज ने लोकल 18 को बताया कि मंगल दोष से पीड़ित जातक ज्येष्ठ के मंगल कुछ उपाय कर लें, तो उन्हें बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की कुंडली में मंगल दोष होता है, वे यदि बड़े मंगल पर विशेष उपाय और पूजा करते हैं तो दोष का प्रभाव कम होने लगता है और जीवन में सुख-शांति आती है। 12 मई, 2026 को ज्येष्ठ का दूसरा बड़ा मंगल होगा। हनुमान जी की पूजा हर मंगलवार के दिन की जाती है, लेकिन इस विशेष दिन उनकी पूजा करने का महत्व अलग ही है। मंगल दोष से पीड़ित जातक इस दिन कुछ विशेष उपाय जरूर करें। आइए जानें

कुंडली में मंगल को मजबूत करने के लिए करें यह उपाय

जिन लोगों की कुंडली में मंगल ग्रह कमजोर होता है। उन्हें दूसरे बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को लाल फूल अर्पित कर श्रद्धा से पूजा करनी चाहिए। साथ ही, “ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः” मंत्र का 108 बार जाप करना बेहद शुभ माना गया है। इस उपाय से मंगल दोष शांत होता है और विवाह में आ रही बाधाओं को भी दूर करने में सहायक होता है।

मनोकामना पूर्ति के लिए सिंदूर और चमेली का तेल चढ़ाएं

अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए दूसरे बड़े मंगल के दिन बजरंगबली को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इससे हनुमान जी शीघ्र प्रसन्न होते हैं। जीवन में आ रही बाधाएं दूर होने लगती हैं,रुके हुए कार्यों में सफलता मिलती है और सुख-समृद्धि का मार्ग खुलता है।


जीवन से नकारात्मकता दूर करने के लिए उपाय

दूसरे बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को बूंदी या बेसन के लड्डुओं का भोग अवश्य लगाएं। इस दिन हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ करने से जीवन के कष्ट, बाधाएं और नकारात्मकता दूर होने लगती हैं।

मंगलदेव की कृपा के लिए करें सुंदरकांड का पाठ

ज्योतिष शास्त्र में दूसरे बड़े मंगल के दिन सुंदरकांड का पाठ बेहद शुभ माना गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से बजरंगबली और मंगल देव की कृपा प्राप्त होती है, जिससे सुख-शांति और खुशहाली बनी रहती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सामग्री जानकारी मात्र है। हम इसकी सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता का दावा नहीं करते। कृपया किसी भी कार्रवाई से पहले विशेषज्ञ से संपर्क करें

Apara Ekadashi 2026: अपरा एकादशी पर 5 उपाय करने वालों पर होगी श्री हरि की कृपा, जीवन से कोसों दूर हो जाएंगे सभी कष्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।