Ajab Prem ki Gajab Kahani: प्यार को लेकर लोगों की अपनी सोच और मान्यता है। कोई पहली नजर के प्यार पर भरोसा करता है, तो किसी के लिए उम्र का कोई बंधन नहीं है। बात आपको फिल्मी लग सकती है, लेकिन ये सच है और इसे साबित करने के लिए समय-समय पर हमारे सामने खबरें आती रहती हैं। जैसी ये जापान से आई लव स्टोरी है, जिसमें उम्र का फासला दो, चार या 10 साल का नहीं पूरे 60 साल का है। हैरान न हों, ये कहानी फिलहाल सोशल मीडिया में तहलका मचा रही है। इस खबर को सबसे पहले चीन के अखबार साउथ चाहना मॉर्निंग पोस्ट ने छापा है।
इस खबर के मुताबिक, 23 साल का लड़का कोफु को अपनी क्लासमेट की 83 साल की दादी आइको से प्यार हो गया और दोनों पिछले छह महीनों से रिलेशनशिप में हैं। कोफु के मुताबिक ये पहली नजर का प्यार था। वह पहली बार जब अपनी क्लासमेट के घर गये थे तब उन्होंने आइको को पहली बार देखा था। पहली ही मुलाकात में उन्हें अपने दिल में आइको के प्यार का एहसास हुआ था। इन्हें हाल ही में टोक्यो में डिज्नी लैंड की यात्रा के दौरान सड़क पर एक दूसरे का हाथ थामे देखा गया था, जिसके बाद इनका एक इंटरव्यू वायरल हो गया।
इनकी लव स्टोरी में टर्निंग प्वाइंट तब आया, जब डिज्नीलैंड में सूर्यास्त के समय सिंड्रेला कासल को देखते हुए कोफु ने आइको से अपने प्यार का इजहार किया। यह यात्रा आइको की पोती ने आयोजित की थी, लेकिन बाद में वह इससे बाहर हो गई थी। बता दें, कोफू जहां दो बार शादी कर चुकी हैं और उनका एक बेटा, एक बेटी और पांच पोते-पोतियां हैं। तलाक के बाद वह अपने बेटे के परिवार के साथ रह रही थीं। वहीं, कोफु यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन पूरा करने वाले हैं और एक क्रिएटिव डिजाइन कंपनी में इंटर्नशिप कर रहे हैं।
आइको ने कहा, ‘उन्होंने कोफु जितना विनम्र और प्रभावशाली इंसान आज तक नहीं देखा है। वह बहुत जीवंत व्यक्ति हैं।’ दोनों की उम्र में चाहे कितना भी फासला हो, लेकिन फिलहाल दोनों साथ रह रहे हैं। हालांकि, अभी इन्होंने शादी को लेकर अपने प्लान के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है। कोफु का कहना है कि उनके लिए बस इतना काफी है कि वह हर सुबह सबसे पहले आइको का चेहरा देख कर उठते हैं। आइको का कहना है कि कोफु जब काम पर होते हैं और उन्हें अकेलापन महसूस होता है, तब कोफु के लिए अच्छा और लजीज खाना बनाना उन्हें ऊर्जा देता है। आइको ने हंसते हुए कहा, ‘वह रात को सोने से पहले मेरे दांत भी ब्रश कराते हैं।’