Akshay Tritiya 2026: अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी ही नहीं इन चीजों की खरीदारी भी मानी जाती है बेहद शुभ, जानें इस दिन खरीदारी के ये जरूरी नियम

Akshay Tritiya 2026: अक्षय तृतीया का पर्व वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। माना जाता है कि इस दिन दान-पुण्य का अक्ष्य फल मिलता है और सोना-चांदी खरीदने पर मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। लेकिन यहां बताई जा रही चीजों की खरीदारी करने से भी शुभ फल प्राप्त होता है

अपडेटेड Apr 07, 2026 पर 8:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अक्षय तृतीया पर मिट्टी का घड़ा खरीदना सबसे अधिक शुभ माना जाता है।

Akshay Tritiya 2026: हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया के पर्व का खास महत्व है। यह दिन अक्षय फल देने वाला माना जाता है। इसलिए लोग इस दिन सोना-चांदी, घर, प्रॉपर्टी, गाड़ी, बिजनेस की शुरुआत करने के साथ ही सोना-चांदी, जेवर आदि की भी खरीदारी करते हैं। माना जाता है कि इस दिन सोना-चांदी आदि की खरीदारी करने से माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों पर कृपा करती हैं। लेकिन सोना-चांदी की आसमान छू रही कीमतों को देखते हुए इन्हें खरीदना हर किसी के बस की बात नहीं है। ऐसे में इस दिन की जाने वाली खरीदारी को लेकर काफी भक्त उलझन में हैं। लेकिन, माता लक्ष्मी का आशीर्वाद पाने के लिए सिर्फ सोना खरीदना जरूरी नहीं होता है। इस दिन कुछ और चीजें खरीदना भी शुभ दे सकता है।

कब है अक्षय तृतीया?

हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व अक्षय तृतीया वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस साल वैशाख शुक्ल तृतीया तिथि 19 अप्रैल 2026 को सुबह 10:50 बजे शुरू होगी और 20 अप्रैल को सुबह 07:27 बजे समाप्त होगी। साल 2026 में अक्षय तृतीया 19 अप्रैल 2026, रविवार को पड़ रही है। इस दिन अक्षय योग, सर्वार्थ सिद्धि योग और रवि योग जैसे शुभ संयोग बन रहे हैं।

अक्षय तृतीया महत्व

इस पर्व को 'अक्षय' इसलिए कहा जाता है, क्योंकि इस दिन किया गया कोई भी शुभ कार्य जीवन में स्थायी सुख और समृद्धि लेकर आता है। इसलिए अक्षय तृतीया पर किया गया पुण्य, दान या खरीदारी कभी समाप्त नहीं होती, बल्कि उसमें निरंतर वृद्धि होती रहती है। ज्योतिष और धर्म शास्त्रों के अनुसार इस दिन मंगल ग्रह की कृपा विशेष रूप से प्राप्त होती है।

अक्षय तृतीया पर शुभ होती हैं मिट्टी की चीजें


अक्षय तृतीया पर मिट्टी की चीजें खरीदने से कुंडली में मंगल की स्थिति मजबूत होती है, कर्ज से मुक्ति मिलती है और आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। ज्योतिष विशेषज्ञों के अनुसार, मिट्टी की वस्तुओं का संबंध मंगल ग्रह से होता है। मंगल साहस, पराक्रम, भूमि और धन का कारक है।

मिट्टी का घड़ा खरीदने से प्रसन्न होती हैं माता लक्ष्मी

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया पर मिट्टी का घड़ा खरीदकर उसमें गंगाजल या शुद्ध जल भरकर घर में रखने से घर की समृद्धि बढ़ती है और लक्ष्मी जी की कृपा बनी रहती है। इसलिए अक्षय तृतीया पर मिट्टी का घड़ा (मटका) खरीदना सबसे अधिक शुभ माना जाता है। इसके अलावा मिट्टी के बर्तन, दीये, गमले, मिट्टी की मूर्तियां और अन्य उपयोगी वस्तुएं भी खरीदी जा सकती हैं। ये चीजें घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं।

तांबे के बर्तन, रूई और हल्दी की गांठ खरीदना भी है शुभ

अक्षय तृतीया पर मिट्टी की वस्तुओं के अलावा कुछ अन्य शुभ चीजें भी खरीदी जा सकती हैं। इनमें तांबे के बर्तन, रूई की गांठ, हल्दी की गांठ, लाल कपड़ा, चावल और घी मुख्य हैं। इन वस्तुओं को खरीदकर आप अक्षय फल प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।