Apara Ekadashi Upay: अपरा एकादशी का व्रत ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को किया जाता है। सभी एकादशी व्रत जगत के पालनहार भगवान विष्णु को समर्पित होते हैं। इस दिन माता लक्ष्मी के साथ श्री हरि की पूजा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए बहुत से भक्त हिंदू वर्ष के प्रत्येक माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष में आने वाली सभी एकादशी तिथियों पर व्रत करते हैं। माना जाता है कि पूरे साल 24 एकादशी व्रत करने वाले भक्तों को श्री हरि के आशीर्वाद से मोक्ष की प्राप्ति होती है। ऐसे भक्त भगवान विष्णु के बैकुंठ धाम में स्थान पाते हैं।
इनमें से ही एक है अपरा एकादशी का व्रत। इसे अचला एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। सालभर में आने वाली 24 एकादशियों में ज्येष्ठ माह की अपरा एकादशी का खास महत्व बताया गया है। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज ने लोकल 18 को बताया कि अपरा एकादशी का व्रत व्यक्ति को पापों से मुक्ति और पुण्य फल प्रदान करता है। यह व्रत विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी माना गया है, जो आर्थिक संकट, करियर की बाधाओं या पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। अपरा या अचला एकादशी के दिन किए गए उपाय जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक साबित हो सकते हैं।
कब है अपरा एकादशी का व्रत?
ज्येष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 12 मई को दोपहर 02 बजकर 52 मिनट पर शुरू होगी और अगले दिन 13 मई को दोपहर 01 बजकर 29 मिनट पर समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार, अपरा एकादशी व्रत 13 मई को रखा जाएगा।
कर्ज से मुक्ति दिलाएगा का ये उपाय
अपरा एकादशी के दिन पीपल की श्रद्धापूर्वक पूजा कर जड़ में जल अर्पित करें। मान्यता है कि इससे आर्थिक परेशानियां कम होने लगती हैं। साथ ही, शाम को तुलसी माता के सामने गाय के घी का दीपक जलाएं और परिक्रमा करें। यह उपाय आपको कर्जों से मुक्ति दिला सकता है।
धन लाभ के लिए सूर्यदेव को अर्घ्य दें
अपरा एकादशी पर भगवान विष्णु को केले, लड्डू और लाल पुष्प अर्पित करना अत्यंत शुभ माना जाता है। वहीं, सूर्यदेव को विशेष अर्घ्य देने से आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा और धन लाभ के योग मजबूत होते हैं।
वैवाहिक जीवन में सुख-शांति का उपाय
एकादशी के दिन भगवान राम और माता सीता की श्रद्धापूर्वक पूजा करने से वैवाहिक जीवन में प्रेम, आपसी समझ और सुख-शांति बढ़ती है। साथ ही परिवार में सम्मान और सौभाग्य प्राप्त होता है।
करियर और नौकरी में तरक्की का उपाय
अपरा एकादशी के दिन करियर और नौकरी में तरक्की पाने के लिए जौ से भरे कलश पर आम के पत्ते रखकर दीप प्रज्वलित करें। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की श्रद्धापूर्वक फल-फूल अर्पित कर पूजा करें और उन्नति की कामना करें।