Baisakh Purnima 2026 Date: हिंदू कैलेंडर में पूरे साल में 12 पूर्णिमा तिथियां आती हैं। इनमें से एक है वैशाख माह की पूर्णिमा। पूर्णिमा माता लक्ष्मी को समर्पित है और इस दिन सत्यनारायण की भी पूजा की जाती है। लेकिन वैशाख माह की पूर्णिमा तिथि हिंदू धर्म के साथ-साथ बौद्ध धर्म अनुयायियों के लिए भी महत्व रखती है। बौध धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वैशाख पूर्णिमा के दिन भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था और इसी दिन उन्हें बोधिसत्व प्राप्त हुआ था। इसलिए यह दिन दोनों धर्म के लोग अत्यंत आस्था और धार्मिक सद्भाव के साथ मनाते हैं। माना जाता है कि इस दिन कुछ विशेष चीजें घर लाने से सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। आइए जानें इस साल वैशाख पूर्णिमा किस दिन है और पूजा का मुहूर्त क्या है?
पंचांग के अनुसार, वैशाख शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 30 अप्रैल 2026 को रात 9 बजकर 13 मिनट से शुरू होगी। वहीं, इसकी समाप्ति 1 मई को रात 10 बजकर 53 मिनट पर हो जाएगी। उदयातिथि के आधार पर वैशाख पूर्णिमा 1 मई 2026, शुक्रवार को दिन मनाई जाएगी।
वैशाख पूर्णिमा 2026 शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त : सुबह 04:15 बजे से सुबह 04:58 बजे तक
विजय मुहूर्त : दोपहर 02:31 बजे से दोपहर 03:24 बजे तक
वैशाख पूर्णिमा पर घर लाएं ये चीजें
चांदी का सिक्का : चांदी का संबंध चंद्रमा और शुद्धता से है। माना जाता है कि बुद्ध पूर्णिमा पर चांदी का सिक्का घर लाने से धन-समृद्धि बढ़ती है। इसे तिजोरी या पूजा स्थान पर रखने से आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। कई लोग इसे शुभ शुरुआत का संकेत भी मानते हैं।
पीतल का हाथी : स्थिरता और ताकत का प्रतीक पीतल का हाथी वास्तु और फेंगशुई दोनों में शुभ माना गया है। बुद्ध पूर्णिमा के दिन इसे घर लाने से नकारात्मक ऊर्जा कम होती है और घर का माहौल शांत रहता है। इसे घर के लिविंग एरिया या मुख्य दरवाजे के पास रखना चाहिए।
कौड़ी : प्राचीन समय से ही कौड़ी धन और समृद्धि का प्रतीक रही है। इसे माता लक्ष्मी का प्रिय माना जाता है। बुद्ध पूर्णिमा पर घर में कौड़ी रखने से बरकत बनी रहती है और धन की कमी नहीं होती। इसे लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखना चाहिए।
बुद्ध की प्रतिमा : महात्मा बुद्ध की मूर्ति शांति और सकारात्मकता का प्रतीक है। मान्यता है कि इसे घर में रखने से तनाव कम होता है और मन शांत रहता है। फेंगशुई के अनुसार, लाफिंग बुद्धा या ध्यान मुद्रा में बुद्ध की प्रतिमा को घर में साफ और ऊंची जगह पर रखना चाहिए।
श्री यंत्र : श्रीयंत्र धन और समृद्धि का प्रतीक है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसमें माता लक्ष्मी का वास होता है। बुद्ध पूर्णिमा के दिन इसे घर में स्थापित करने से धन-लाभ और तरक्की के रास्ते खुलते हैं। इसे पूजा घर में रखकर नियमि त पूजा करना शुभ माना जाता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सामग्री जानकारी मात्र है। हम इसकी सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता का दावा नहीं करते। कृपया किसी भी कार्रवाई से पहले विशेषज्ञ से संपर्क करें