Eid 2026: भारत में भी दिखा शव्वाल का चांद, कल मनाया जाएगा ईद-उल-फितर का त्योहार

Eid 2026: शव्वाल का चांद दिखने के बाद ही ईद का इंतजार पूरा होता है। आज देश के कई हिस्सों में शव्वाल का चांद दिखने की खबरें आने के बाद कल ईद-उल-फितर का पर्व मनाने की पुष्टि हो गई है। हैदराबाद और लखनऊ के साथ ही दिल्ली में भी आज शव्वाल का चांद देखा जा चुका है। इसलिए ईद का पर्व कल होगा

अपडेटेड Mar 21, 2026 पर 12:10 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर का पर्व मानाने की पुष्टि भी हो गई है।

Eid 2026 Date in India: ईद के त्योहार की तारीख को लेकर अब तक जो कंफ्यूजन था, वो शव्वाल के चांद ने अपनी झलक दिखा कर खुद दूर कर दिया है। रमजान और रोजे के सख्त नियम और लंबे इंतजार के बाद शव्वाल के चांद का न दिखना किसी सजा से कम नहीं लगता है। लेकिन अब चांद ने खुद ही दर्शन देकर इस इंतजार को पूरा कर दिया है। देश के कई हिस्सों में शव्वाल का चांद दिखने की खबरें आने के बाद कल यानी 21 मार्च 2026 को ईद-उल-फितर का पर्व मानाने की पुष्टि भी हो गई है। बता दें, रमजान का महीना मुस्लिम समुदाय के लिए सबसे खास और पवित्र माना जाता है। अल्लाह की इबादत, संयम और जकात के इस महीने के पूरा होने पर ईद का जश्न मनाया जाता है।

इससे पहले, गुरुवार शाम को करोड़ों अकीदतमंदों की निगाहें आसमान में टिकी थीं, लेकिन चांद का दीदार नहीं हो सका। दिल्ली समेत देश के किसी भी हिस्से में गुरुवार को शव्वाल (इस्लामी कैलेंडर का 10वां महीना) का चांद नजर नहीं आया। इसके चलते भारत में ईद-उल-फितर का त्यौहार शनिवार, 21 मार्च को धूमधाम से मनाया जाएगा।

इन शहरों में हुई चांद दिखने की पुष्टि


हैदराबाद : हैदराबाद में चांद दिखने के बाद ईद का त्योहार 21 मार्च को मनाए जाने का ऐलान कर दिया गया है। डेक्कन मुस्लिम उलेमा काउंसिल सेंट्रल कमेटी अध्यक्ष रोहिल हिलाल की ओर से आधिकारिक तौर पर 21 मार्च को भारत में ईद-उल-फितर का जश्न मनाने की घोषणा कर दी गई है।

लखनऊ : हैदराबाद के बाद लखनऊ इस्लामिक सेंटर के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद ने घोषणा की है कि ईद अब 21 मार्च को मनाई जाएगी।

दिल्ली : जामा मस्जिद के नायब शाही इमान सैयद शब्बान बुखारी ने भी ऐलान कर दिया है कि अब भारत में ईद 21 मार्च को मनाई जाएगी।

30 रोजों की मुकम्मल इबादत

इस्लामी कैलेंडर के अनुसार, रमजान का महीना 29 या 30 दिनों का होता है, जो पूरी तरह से चंद्रमा की स्थिति पर निर्भर करता है। पिछले साल रमजान का महीना 29 दिनों का रहा था, लेकिन इस बार रोजेदारों को 30 रोजों की मुकम्मल इबादत का मौका मिला है। रमजान के इस पवित्र महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग सूर्योदय से पहले 'सहरी' और सूर्यास्त के बाद 'इफ्तार' के जरिए अपना व्रत पूर्ण करते हैं।

ईद-उल-फितर का दूसरा नाम

मुस्लिम समुदाय में ईद-उल-फितर को ईद और मीठी ईद भी कहा जाता है। इस त्योहार में शीर खुरमा, सेवइयां समेत कई मीठे पकवान बनाए जाने का रिवाज है। इसी वजह से ईद-उल-फितर को लोग मीठी ईद भी कहते हैं।

बाजारों में बढ़ी रौनक

चांद दिखने के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दिल्ली के चांदनी चौक, जामा मस्जिद और ओखला जैसे इलाकों में देर रात तक चहल-पहल देखी जा रही है। शनिवार सुबह देशभर की ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद लोग एक-दूसरे के गले मिलकर अमन-चैन की दुआ मांगेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।