Eid-ul-Fitr 2025 Date in Saudi Arabia: रमजान का पाक महीना अब खत्म होने ही वाला है। दुनियाभर के मुस्लिम समुदाय के लोग ईद-उल-फितर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह त्यौहार उपासना, धन्यवाद और भाईचारे का संदेश लेकर आता है। जैसे-जैसे रमजान खत्म होने वाला है, सऊदी अरब में लोग इस खास मौके की तैयारियों में जुट गए हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है, परिवारों ने मीठे पकवान बनाने, मिल-बैठकर जश्न मनाने और घूमने की योजनाएं बनाने की शुरुआत कर दी है। लेकिन इस बार सबसे बड़ा सवाल यह है कि ईद-उल-फितर 2025 की तारीख क्या होगी?
सऊदी अरब में ईद-उल-फितर की छुट्टियां
सऊदी सरकार ने ईद-उल-फितर 2025 के लिए आधिकारिक छुट्टी का ऐलान कर दिया है।
सरकारी सेक्टर: रमजान 24, 1446 हिजरी (सोमवार) को अंतिम वर्किंग डे होगा।
प्राइवेट सेक्टर: छुट्टियां रमजान 29, 1446 हिजरी (शनिवार) को वर्किंग डे खत्म होने के बाद शुरू होंगी।
नॉन प्रॉफिट ऑर्ग्नाइजेशन: इस सेक्टर में भी रमजान 29, 1446 हिजरी (शनिवार) से छुट्टी होगी।
कब मनाई जाएगी ईद-उल-फितर 2025?
खगोलीय गणनाओं के अनुसार, रमजान 2025 में 29 दिनों का होगा। मिस्र के राष्ट्रीय खगोलशास्त्र और भूभौतिकी अनुसंधान संस्थान के मुताबिक शनिवार 29 मार्च 2025 को दोपहर 1:00 बजे (काहिरा समय) पर शव्वाल का चांद जन्म लेगा।
इस्लामिक परंपरा के अनुसार, ईद-उल-फितर का त्योहार चांद दिखने के बाद मनाया जाता है। गणनाओं के अनुसार चांद सऊदी अरब और कई अन्य अरब देशों में सूर्यास्त के बाद कुछ मिनटों के लिए दिखाई देगा। ऐसे में रविवार 30 मार्च 2025 को ईद-उल-फितर मनाई जाने की संभावना है।
चांद दिखने की आधिकारिक पुष्टि के बाद पूरे सऊदी अरब में ईद की खुशियां छा जाएंगी। यहां एक तीन से चार दिन की छुट्टी होती है, जिसका पूरा फायदा लोग परिवार और दोस्तों के साथ उठाते हैं। ईद की नमाज, जरूरतमंदों को दान, पारिवारिक मिलन और व्यंजनों से यह त्यौहार और खास बन जाता है। ईद-उल-फितर सिर्फ एक त्यौहार नहीं, बल्कि एक भावना है। जैसे-जैसे यह दिन करीब आता जा रहा है, सऊदी अरब ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के मुस्लिम समुदाय में हर्षोल्लास का माहौल बन रहा है।