Jyeshtha Bada Mangal 2026: हिंदू धर्म में ज्येष्ठ कैलेंडर का तीसरा महीना होता है। इस महीने में भारत के अधिकांश हिस्से में भयंकर गर्मी और लू के थपेड़े चल रहे होते हैं। इसी महीने में आने वाले मंगलवार को हनुमान भक्त बहुत धूमधाम से मनाते हैं। ज्येष्ठ का महीना ही नहीं इस माह के सभी मंगलवार हनुमान भक्तों के लिए विशेष स्थान रखते हैं। इस माह के मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल भी कहा जाता है। इस दिन बजरंगबलि के मंदिरों में सुबह से ही दर्शन और पूजा के लिए भक्तों की लाइन लग जाती है।
लोग रामायण सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं, पियाऊ या भंडारे लगाकर लोगों को भोजन या शरबत पिलाते हैं। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल को किसी उत्सव की तरह मनाया जाता है। इस साल ज्येष्ठ माह का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि इस महीने में अधिकमास लग रहा है। अधिक मास लगने की वजह से 19 साल बाद 4 या 5 की जगह पूरे 8 बड़े मंगल का दुर्लभ संयोग बन रहा है। आइए जानें इसके महत्व के बारे में
ज्येष्ठ के बड़े मंगल की पौराणिक कथा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, त्रेता युग में ज्येष्ठ मास के मंगलवार के दिन ही प्रभु श्रीराम और बजरंगबली का पहली बार मिलन हुआ था। इसी पावन संयोग के कारण इस माह के हर मंगलवार का महत्व और भी बढ़ जाता है। एक अन्य मान्यता के अनुसार, इसी समय हनुमान जी ने भीम का घमंड चूर करने के लिए एक बूढ़े बंदर का रूप धारण किया था। 'बड़ा' शब्द हनुमान जी के विशाल और शक्तिशाली स्वरूप का प्रतीक है। मान्यता है कि बुढ़वा मंगल के दिन भगवान राम और हनुमान जी की उपासना करने से भक्तों को दोनों का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन की हर मनोकामना पूर्ण होती है। इस दिन की गई पूजा का फल कई गुना अधिक मिलता है।
बड़ा मंगल 2026 की तिथियां
प्रथम बड़ा मंगल - 5 मई 2026
द्वितीय बड़ा मंगल - 12 मई 2026
तृतीय बड़ा मंगल - 19 मई 2026
चतुर्थ बड़ा मंगल - 26 मई 2026
पंचम बड़ा मंगल - 2 जून 2026
छठा बड़ा मंगल - 9 जून 2026
सातवां बड़ा मंगल - 16 जून 2026
आठवां बड़ा मंगल - 23 जून 2026