Kartik Purnima 2025 Today: आज कार्तिक मास का अंतिम दिन यानी कार्तिक पूर्णिमा है। इसे हिंदू धर्म के सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण दिनों में से एक माना जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था और उसके आतंक से समस्त ब्रह्मांड को मुक्त कराया था। इससे प्रसन्न देवताओं ने धरती पर गंगा स्नान किया था और उसके तट को असंख्य दीयों से रोशन किया था। इसी वजह से आज के दिन देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है। आज के दिन देश की कई पवित्र नदियों की विशेष आरती और पूजा की जाती है। साथ ही गंगा सहित विभिन्न नदियों के तट ढेरों दीयों की रोशनी से जगमगाते हैं। माना जाता है कि आज के दिन मिट्टी से बनी कुछ चीजें खरीदने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और पूरे साल सुख-समृद्धि बने रहने का आशीर्वाद देती हैं। आइए जानें क्या हैं ये चीजें और इनका महत्व
मिट्टी का दीपक खरीदें- आज के दिन मिट्टी का नया दीया खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। पूजा-पाठ करने के लिए आपके पूजा घर में पहले से रखे दीपक का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन कार्तिक पूर्णिमा के दिन मिट्टी का दीपक जलाना अच्छा होता है। ऐस करने से दुर्भाग्य दूर होता है और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। माता लक्ष्मी की कृपा से घर में कभी अन्न, धन की कमी नहीं होती। इस नए मिट्टी के दीपक को ही शाम के समय अपने घर के मुख्य द्वार, तुलसी के पौधे, रसोईघर, घर के मंदिर में जलाना शुभ होता है।
मिट्टी से बना घड़ा- कार्तिक पूर्णिमा पर मिट्टी से बना घड़ा खरीदने पर घर में शुभता आती है और लाभ ही लाभ होता है। इसे अपने घर के ईशान कोण में जल भरकर रखने से रिश्ते मधुर होते हैं, आपसी प्रेम बढ़ता है और नकारात्मकमा दूर होती है। माता लक्ष्मी के आशीर्वाद से धन का आगमन होता है और परिवार के लोगों की सेहत अच्छी रहती है।
घर में लाएं मिट्टी का हाथी- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन मिट्टी का हाथी खरीदना बेहद शुभ और फलदायी हो सकता है। यह सुख, शांति और बुद्धि का प्रतीक होता है। इसलिए कार्तिक पूर्णिमा के दिन बहुत से लोग मिट्टी का हाथी खरीदते हैं। ऐसा करने से घर में भी सुख-शांति बनी रहती है और धन लाभ के योग बनते हैं।
खरीदें मिट्टी की मूर्ति- अधिकतर लोगों के घर में मिट्टी की मूर्तियां नहीं होती हैं। आप अपने घर के मंदिर में पीतल, सोना, चांदी की मूर्ति रखने के साथ ही मिट्टी से बनी देवी-देवताओं की मूर्तियां भी लाकर रखें। इससे घर में सुख-शांति, समृद्धि, तरक्की के साथ ही भगवान का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है।