11 जुलाई यानी शुक्रवार से सावन के पवित्र महीने की शुरुआत हो रही है। हिन्दू धर्म की मान्यता के अनुसार सावन का ये महीना काफी पवित्र माना जाता है और इन दिनों में भगवान शिव की पूजा करने की विशेष महत्व है। सावन के हर सोमवार को देश भर में मौजूद शिवमंदिरों के साथ ही साथ 12 ज्योतिर्लिंगों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। वहीं कई भक्त ऐसे भी होते हैं जो शारिरिक और किसी अन्य वजहों से दूर लंबी यात्रा नहीं कर पाते, सावन के महीने में भगवान शिव के ऐसे ही भक्तों को लिए डाक विभाग ने एक खास पहल की है।
सावन महीने में डाक विभाग से अब लोग देश के किसी भी कोने से श्री सोमनाथ मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद घर बैठे मंगा सकते हैं। यह सुविधा स्पीड पोस्ट के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे भक्त जो किसी बाध्यता के वजह से इन तीर्थ स्थानों की यात्रा नहीं कर सकते, उनके लिए डाक विभाग ने ये पहल की है।
इस पहल के बारे में सौराष्ट्र और कच्छ एरिया के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने खास जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि श्री सोमनाथ ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए एक एग्रीमेंट के तहत श्रद्धालु 270 रुपए का ई-मनीऑर्डर भेजकर प्रसाद प्राप्त कर सकते हैं। यह मनीऑर्डर 'प्रसाद के लिए बुकिंग' लिखकर श्री सोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला-जूनागढ़, गुजरात-362268 के पते पर भेजा जाएगा। इसके बाद डाक विभाग के 400 ग्राम का प्रसाद पैकेट भक्तों के पते पर भेजेगा। इसमें 200 ग्राम बेसन के लड्डू, 100 ग्राम तिल की चिक्की और 100 ग्राम मावा की चिक्की शामिल होगी।
ऐसे मिलेगा काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद?
वहीं काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच भी एक समझौता हुआ है। इसके तहत देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले श्रद्धालु 251 रुपए का ई-मनीऑर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल - 221001 के नाम से भेज सकते हैं। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही डाक विभाग द्वारा उसी पते पर स्पीड पोस्ट के जरिए प्रसाद भेज दिया जाएगा। इस प्रसाद में काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, शिव चालीसा, 108 रुद्राक्ष की माला, बेलपत्र, अन्नपूर्णा माता से भिक्षाटन करते भोलेनाथ की छवि वाला सिक्का, भभूति, रक्षा सूत्र, रुद्राक्ष मनका, मेवा और मिश्री का पैकेट आदि चीजें शामिल होती हैं।
प्रसाद को कर सकते हैं ट्रैक
भक्तों को मनीऑर्डर भेजते वक्त अपना पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर जरूर लिखना होगा ताकि उन्हें एसएमएस के जरिए पार्सल की ट्रैकिंग जानकारी मिलती रहे। डाक विभाग की यह पहल सावन के महीने में आस्था को आसान और सुलभ बनाने का एक बेहतरीन तरीका है। स्पीड पोस्ट के जरिए अब हर व्यक्ति अपने घर बैठे ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ और काशी के विश्वप्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद पा सकता है।