Vivah Dates 2026: खरमास बाद शादी के मुहूर्त के लिए करना होगा इंतजार, जानें नए साल में शहनाइयों के बजने के कितने हैं मुहूर्त?
Vivah Dates 2026: नया साल शुरू हो चुका है। लेकिन हिंदू कैलेंडर के अनुसार इस समय खरमास चल रहा है, जो 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद समाप्त हो जाएगा। इस बार खरमास के बाद शादी के लग्न के लिए लोगों को थोड़ा लंबा इंतजार करना होगा। जानें नए साल में शहनाई बजने के कितने मुहूर्त हैं
MoneyControl News
अपडेटेड Jan 08, 2026 पर 5:54 PM
सूर्य का प्रवेश मकर राशि में होता है, तब मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है।
Vivah Dates 2026: खरमास में शादी, मुंडन, गृह प्रवेश और जनेऊ जैसे मांगलिक कार्यों पर रोक रहती है। खरमास लगभग एक महीने की अवधि होती है, जब सूर्य देव देवगुरु बृहस्पति की राशि धनु में प्रवेश करते हैं। सूर्य तकरीबन 30 दिनों तक एक राशि में रहते हैं। धनु राशि से जब सूर्य का प्रवेश मकर राशि में होता है, तक मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन के बाद से खरमास समाप्त हो जाता है और मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं। आइए जानें साल 2026 में शादी के लिए कितने मुहूर्त मिलेंगे?
12 में से सिर्फ 8 महीने ही मिलेंगे विवाह मुहूर्त
मकर संक्रांति के बाद से शादी का सीजन शुरू होगा। इस साल विवाह के कुल 59 शुभ मुहूर्त हैं। इस साल 12 महीने में केवल 8 महीने ही विवाह का मुहूर्त है। जनवरी, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर में इस साल कोई शहनाई नहीं बजेगी। 2026 में शादी करने की इच्छा रखने वाले सभी लोगों के लिए फरवरी में 12, मार्च में 8, अप्रैल में 8, मई में 8, जून में 8, जुलाई में 4, नवंबर में 4 और दिसंबर में 7 विवाह मुहूर्त हैं।
2026 में विवाह के मुहूर्त
जनवरी 2026: नए साल के पहले माह में खरमास तो खत्म हो रहा है, लेकिन विवाह के लिए कोई शुभ मुहूर्त नहीं है। इसका कारण ये है कि इस समय शुक्र ग्रह अस्त हैं। इनका उदय फरवरी में ही होगा।
फरवरी 2026: इस माह में विवाह के सबसे अधिक 12 मुहूर्त है। फरवरी में विवाह के लिए 5, 6, 8, 10, 12, 14, 19, 20, 21, 24, 25 और 26 तारीखें शुभ हैं।
मार्च 2026: मार्च में विवाह के लिए 8 शुभ तारीखें हैं। 2, 3, 4, 7, 8, 9, 11 और 12 तारीख शादी के लिए अच्छी हैं। 15 मार्च से सूर्य देव मीन राशि में आएंगे तो फिर से खरमास लग जाएगा। उसके बाद सूर्य देव 14 अप्रैल को मेष राशि में आएंगे, उसके साथ खरमास खत्म होगा।
अप्रैल 2026: 14 अप्रैल को खरमास खत्म होने के साथ गर्मी में विवाह का सीजन शुरू होगा। अप्रैल महीने में भी शादी के लिए 8 शुभ दिन हैं। 15, 20, 21, 25, 26, 27, 28 और 29 को शुभ विवाह हो सकता है।
मई 2026: मई में भी शादी के 8 शुभ मुहूर्त हैं। जिनको विवाह करना है, वे 1, 3, 5, 6, 7, 8, 13 और 14 में से किसी भी एक तारीख को कर सकते हैं।
जून 2026: जून में चिलचिलाती धूप, बेहिसाब गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल रहता है और इस समय में बारिश भी होती है। ऐसे में विवाह का आयोजन चुनौतिपूर्ण होता है। जून माह में भी शुभ विवाह की 8 तारीखें हैं। 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27 और 29 तारीख शादी के लिए शुभ हैं।
जुलाई 2026: जुलाई को बरसात का महीना माना जाता है। जुलाई में विवाह के लिए केवल 4 दिन शुभ हैं। 1, 6, 7 और 11 जुलाई शादी के लिए अच्छी तारीखें हैं।
अगस्त 2026: 25 जुलाई से चातुर्मास लग जा रहा है, इस वजह से अगस्त में कोई विवाह मुहूर्त नहीं है. चातुर्मास के समय में भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं। वे 4 माह तक योग निद्रा में ही रहते हैं, तब सृष्टि का संचालन भगवान शिव के हाथों में रहता है।
सितंबर 2026: चातुर्मास 4 माह तक रहता है, इसलिए सितंबर और अक्टूबर में कोई विवाह मुहूर्त नहीं है। चातुर्मास में सभी देवी और देवता शयन करते हैं। इस समय में पूजा, पाठ, यज्ञ, हवन आदि होता है।
नवंबर 2026: 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी से चातुर्मास खत्म हो जाएगा। तब से नवंबर में विवाह के केवल 4 शुभ मुहूर्त है। नवंबर में 21, 24, 25 और 26 तारीखें शादी के लिए शुभ हैं।
दिसंबर 2026: इस साल के अंतिम माह दिसंबर में शादी के लिए 7 शुभ मुहूर्त हैं। 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीखें विवाह के लिए अच्छी हैं।