All England Open 2026: भारत के युवा बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन एक बड़ा इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। 24 साल के लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के फाइनल में पहुंच गए हैं। फाइनल में लक्ष्य सेन का मुकाबला चीनी ताइपे के खिलाड़ी लिन चुन-यी से होगा। मुकाबले का आयोजन 8 मार्च को बर्मिंघम शहर में स्थित यूटिलिटा एरिना में किया जाएगा। लक्ष्य सेन अपने करियर में दूसरी बार ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं। ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के सेमीफाइनल में लक्ष्य सेन ने विक्टर लाई को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। लक्ष्य सेन ने तीन गेम के कड़े मुकाबले में विक्टर लाई को 21-15, 18-21, 21-16 से हराया था।
अगर लक्ष्य सेन ये खिताब जीतने में सफल रहते हैं, तो वह ऑल इंग्लैंड ओपन जीतने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले यह उपलब्धि प्रकाश पादुकोण ने 1980 में और पुलेला गोपीचंद ने 2001 में हासिल की थी।
फाइनल तक पहुंचे हैं ये खिलाड़ी
ऑल इंग्लैंड ओपन के इतिहास में भारत के कुछ ही खिलाड़ी फाइनल तक पहुंच पाए हैं। 1947 में प्रकाश नाथ ने इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी। इसके बाद 2015 में साइना नेहवाल भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंचने में सफल रहीं। ये दोनों खिलाड़ी इस बड़े बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने वाले भारत के चुनिंदा शटलरों में शामिल हैं।
ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 8 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें भारत के लक्ष्य सेन का सामना चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा। ये खिताबी मैच इंग्लैंड के बर्मिंघम शहर में स्थित यूटिलिटा एरिना में आयोजित किया जाएगा।
कितने बजे शुरू होगा मुकाबला
ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 में लक्ष्य सेन और लिन चुन-यी के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला रविवार को भारतीय समय के अनुसार शाम 5:20 बजे शुरू होगा।
लक्ष्य सेन और लिन चुन-यी के बीच होने वाले ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा। वहीं इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोस्टार ऐप और उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी, जहां फैंस ऑनलाइन मुकाबले का मजा ले सकेंगे।