IND vs NZ: क्या मोहम्मद सिराज अब टीम में जगह पाने के लायक नहीं? लगातार नजरअंदाज किए जाने पर उठे सवाल

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को आकाश दीप की जगह कनकशन सब्स्टीट्यूट नहीं बनाए जाने पर आकाश चोपड़ा ने टीम मैनेजमेंट की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि लगातार नजरअंदाज किए जाने से सिराज को लग सकता है कि टीम में उनकी अहमियत कम हो गई है

अपडेटेड Nov 29, 2026 पर 8:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मोहम्मद सिराज इस दौरे पर WTC के मौजूदा चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनकर पहुंचे थे

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैच का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। वहीं इस मुकाबले में भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने आकाश दीप की जगह मोहम्मद सिराज को कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में शामिल नहीं करने पर टीम मैनेजमेंट की आलोचना की है। वहीं कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। आकाश चोपड़ा ने गौतम गंभीर की अगुवाई वाली टीम के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि, इस फैसले से सिराज को लग सकता है कि टीम में उनकी अहमियत नहीं है। चोपड़ा के मुताबिक, सिराज ये भी सोच सकते हैं कि उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए भेजने के बजाय न्यूजीलैंड में टीम के साथ क्यों रखा गया।

अब तक नहीं किया गया शामिल

मोहम्मद सिराज इस दौरे पर WTC के मौजूदा चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनकर पहुंचे थे। इसलिए जसप्रीत बुमराह के बाद उन्हें टीम का दूसरा सबसे अहम तेज गेंदबाज माना जा रहा था। इसके बावजूद उन्हें पहले टेस्ट में खेलने का मौका नहीं मिला। इससे टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठने लगे। दूसरे टेस्ट में खराब प्रदर्शन के कारण प्रसिद्ध कृष्णा को टीम से बाहर किया गया, लेकिन उनकी जगह सिराज को शामिल करने के बजाय गुरनूर बरार को मौका दिया गया। टीम के इस फैसले ने सबको हैरान कर दिया।


न्यूजीलैंड में क्यों हैं सिराज?

आकाश चोपड़ा ने क्रिकइन्फो पर कहा, "मैं प्रसिद्ध कृष्णा को किसी भी हाल में प्लेइंग इलेवन में शामिल करता। लेकिन अब सिराज टीम में गेंदबाजों की पसंद के मामले में छठे नंबर पर हैं। मेरा सवाल है कि वह न्यूजीलैंड में क्यों हैं? अगर उनकी फॉर्म इतनी खराब है कि उन्हें टॉप-5 गेंदबाजों में भी जगह नहीं मिल सकती और आप प्रसिद्ध कृष्णा को वापस बुला सकते हैं, भले ही आपको लगता हो कि वह क्राइस्टचर्च में खेलने के लायक नहीं हैं, लेकिन फिर भी मोहम्मद सिराज को मौका नहीं देते।"

उन्होंने आगे कहा, "जबकि आपको पता है कि मैच चौथे और पांचवें दिन तक जा सकता है, जहां ऐसे गेंदबाज की जरूरत होगी जो मुश्किल और सपाट पिच पर भी लगातार मेहनत से गेंदबाजी कर सके और रिवर्स स्विंग से विकेट निकाल सके। ऐसे में सिराज टीम के साथ आखिर क्यों हैं?"

रणजी ट्रॉफी खेलना ज्यादा बेहतर

चोपड़ा ने आगे कहा कि सिराज के लिए न्यूजीलैंड में टीम के साथ रहने के बजाय सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और हैदराबाद की ओर से रणजी ट्रॉफी खेलना ज्यादा बेहतर होता। उन्होंने कहा, "अगर टीम को लगता है कि सिराज फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लायक नहीं हैं, तो यह उनके साथ बहुत गलत हो रहा है। क्योंकि वह आज भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। ऐसे में अगर उनकी मौजूदा फॉर्म इतनी खराब है, तो फिर उन्हें न्यूजीलैंड में रखने का क्या मतलब है? अब मुझे इसी बात की चिंता है, क्योंकि सिराज के मन में भी यह सवाल आ रहा होगा कि क्या अब वह टीम में अपनी जगह के लायक नहीं रहे हैं।"

Mohammed Shami: क्रिकेट के बाद अब राजनीति में उतरेंगे मोहम्मद शमी? BJP के अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।