भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के साथ आगरा के एक प्रैक्टिस ग्राउंड के दौरान अजीब सी घटना हुई है। प्रैक्टिस ग्राउंड से दीपक चाहर के तीन महंगे क्रिकेट बैट चोरी हो गए हैं। इन तीनों बैट की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। चाहर ने इस घटना के बाद इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर मामले की जानकारी दी। वीडियो में चाहर ने मजाकिया अंदाज में लोगों से पूछा कि अब उन्हें क्या कदम उठाना चाहिए। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो में चाहर ने बताया कि उनके तीनों बैट पिछली शाम प्रैक्टिस ग्राउंड से चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि बैट ले जाने वाले व्यक्ति को शायद उनकी असली कीमत का अंदाजा नहीं था। चाहर ने मजाकिया अंदाज में सवाल किया, “मुझे योगी जी के पास जाना चाहिए या मोदी जी के पास?”
किसके पास दर्ज करवाए शिकायत
बैट चोरी होने की घटना के बाद दीपक चाहर परेशान नजर आए। लेकिन इस पूरी घटना को उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में बताया। उन्होंने कहा कि बैट वापस पाने के लिए वह पुलिस में शिकायत कर सकते हैं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांग सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वह बस उम्मीद कर सकते हैं कि बैट ले जाने वाला व्यक्ति उन्हें खुद वापस कर दे। चाहर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि बैट ले जाने वाला व्यक्ति उन्हें बेच सकता है या टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलने में इस्तेमाल कर सकता है।
दीपक चाहर ने लोगों से अपील की कि उनके बैट उन्हें वापस कर दिए जाएं। चाहर ने ये भी कहा कि अगर बैट वापस करने के बदले कोई पैसे मांगता है, तो वह उसे पैसे देने के लिए भी तैयार हैं। दीपक चाहर के चोरी हुए तीनों बैट खास प्लेयर-एडिशन मॉडल थे, जिनकी कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक खबर सामने आने तक इस मामले में पुलिस में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।
दीपक चाहर के पिता और कोच लोकेंद्र चाहर ने बताया कि ये घटना आगरा के आर्टोनी स्थित चाहर-डावर ग्राउंड में हुई। बताया गया कि दीपक बॉलिंग की प्रैक्टिस कर रहे थे और इस दौरान उन्होंने अपनी क्रिकेट किट मैदान पर छोड़ दी थी। करीब एक घंटे बाद जब वह बल्लेबाजी की प्रैक्टिस के लिए वापस आए, तो उन्हें अपनी किट से तीनों बैट गायब मिले। इसके बाद उन्होंने वीडियो बना कर इसकी जानकारी दी।
दीपक चाहर ने भारत की ओर से अब तक 13 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। वनडे में उनके नाम 16 विकेट हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 31 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे दिसंबर 2022 में और अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में खेला था।