दुनियाभर में इस समय फुटबॉल के महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच चरम पर है। सभी टीमें इस खिताब को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं। 11 जून से शुरू हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी पहली बार तीन देश अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा मिलकर कर रहे हैं। फीफा वर्ल्ड कप में अभी तक कई रोमांचक मुकाबले खेले जा चुके हैं। वहीं इसी बीच फीफा वर्ल्ड कप कुछ टीमों को मैदान पर होने वाले मुकाबलों के साथ-साथ बाहर भी अनोखी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जर्मनी, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे जैसी टीमों को उनके ट्रेनिंग कैंप के आसपास जहरीला सांप दिखाई दिया है।
जर्मनी के ट्रेनिंग कैंप के पास दिखा सांप
फीफा वर्ल्ड कप के दौरान जर्मनी की टीम मैदान के बाहर अलग ही परेशानी का सामना कर रही है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित अपने ट्रेनिंग कैंप के आसपास सांप दिखाई देने के बाद खिलाड़ियों में सतर्कता बढ़ गई है। जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिच ने कहा, "जर्मनी में आप टैक्टिक्स, चोटों और अगले विरोधी को लेकर चिंता करते हैं, लेकिन यहां आपको ये भी सोचना पड़ता है कि घास में क्या छिपा हो सकता है।"
किमिच ने कहा कि जब उनकी टीम को यह पता चला कि वह सांप जहरीला है, तो खिलाड़ियों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने कहा, "हमने कल एक सांप देखा था और हमें बताया गया कि वह जहरीला है। अगर वह आपको काट ले, तो आपको अस्पताल जाना पड़ेगा। मुझे नहीं लगता कि इससे किसी की जान जाएगी, लेकिन ये निश्चित रूप से खतरनाक है। अगर गलती से आप ऐसे सांप पर पैर रख दें, तो स्थिति खराब हो सकती है।"
उन्होंने आगे कहा, "यही वजह है कि हम यहां जानवरों से दूरी बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। मैं यहां के लोगों का सम्मान करता हूं, लेकिन जर्मनी में इतने खतरनाक जानवर देखने को नहीं मिलते।" किमिच ने कहा, "जब आपको पता चलता है कि यह किस तरह का सांप है और इसके काटने पर क्या हो सकता है, तो ये बात जल्द ही मजाकिया नहीं लगती।"
टूर्नामेंट का किया शानदार आगाज
चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी ने अपने वर्ल्ड कप अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए पहली बार टूर्नामेंट खेल रही कुराकाओ की टीम को 7-1 से हराया। अब उसका अगला मुकाबला 21 जून को आइवरी कोस्ट से होगा। वहीं ब्रिटिश वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, किमिच और उनके साथियों को कैंप के आसपास एक कॉपरहेड सांप दिखाई दिया, जो नॉर्थ कैरोलिना में पाया जाने वाला एक जहरीला सांप माना जाता है।
स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीमों ने भी जताई चिंता
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीमों ने भी ऐसी ही चिंताएं जताई हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि, 'स्विस टीम ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सैन डिएगो स्थित अपने कैंप के बाहर एक हिस्से को "स्नेक एरिया" के रूप में मार्क कर दिया था।'वहीं नॉर्वे के कप्तान क्रिस्टियन थॉर्स्टवेट ने कहा, "हम यहां दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट की तैयारी करने आए हैं, लेकिन अब खिलाड़ी हर कदम रखने से पहले जमीन की तरफ देखने लगे हैं।" उन्होंने ये भी कहा कि नॉर्थ कैरोलिना में कॉपरहेड सांपों के आम होने की जानकारी सुनकर उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगा। थॉर्स्टवेट ने कहा, "ये सुनकर मुझे बिल्कुल भी खुशी नहीं हुई।"