FIFA World Cup 2026: फुटबॉल का सबसे बड़ा टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 इस बार कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित किया जाएगा। फीफा वर्ल्ड कप 11 जून 2026 से शुरू होकर 19 जुलाई 2026 तक खेला जाएगा। लगभग एक महीने से ज्यादा समय तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 48 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें कुल 1,248 खिलाड़ी मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे। मुकाबले के दौरान कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। फीफा ने तीन शहर के लिए अलग-अलग ओपनिंग सेरेमनी रखी है। आइए जानते हैं भारत में कब और कहां पर देखें फीफा वर्ल्ड के मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मेजबान मेक्सिको की टीम मेक्सिको सिटी स्थित एस्टाडियो बैनोर्टे स्टेडियम में साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी। भारतीय समय के अनुसार ये मैच 12 जून की सुबह देखा जा सकेगा।
ये टीमें पहली बार ले रही हिस्सा
फीफा वर्ल्ड कप में केप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान जैसी टीमें पहली बार हिस्सा बनकर इतिहास रचेंगी। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना अपने खिताब को बरकरार रखने की चुनौती के साथ मैदान में उतरेगा। वहीं फ्रांस पिछली बार फाइनल में मिली निराशा को पीछे छोड़कर ट्रॉफी जीतने का लक्ष्य लेकर खेलेगा। दूसरी ओर पुर्तगाल की नजर भी विश्व कप खिताब पर रहेगी और टीम अपने स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को यादगार विदाई देने के लिए पूरी ताकत झोंक सकती है। ऐसे में टूर्नामेंट के दौरान कई बड़े और रोमांचक मुकाबले फुटबॉल प्रशंसकों को देखने को मिल सकते हैं।
कब है फीफा वर्ल्ड कप ओपनिंग सेरेमनी
फीफा ने तीन अलग-अलग जगहों पर तीन ओपनिंग सेरेमनी रखी है। पहली ओपनिंग सेरेमनी समारोह मैक्सिको में 11 जून को भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे शुरू होगी। दूसरे ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन कनाडा में 12 जून को भारतीय समयानुसार रात 11:00 बजे टोरंटो में होगी। वहीं तीसरे और आखिरी सेरेमनी का आयोजन अमेरिका में 13 जून को सुबह 5 बजे होगी।
भारत में कहां पर देखें मुकाबला
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबलों का प्रसारण भारत में जी एंटरटेनमेंट के नए स्पोर्ट्स नेटवर्क Unite8 स्पोर्ट्स पर किया जाएगा। दर्शक मैचों का आनंद Unite8 स्पोर्ट्स 1 (हिंदी कमेंट्री), Unite8 स्पोर्ट्स 1 HD (हिंदी कमेंट्री), Unite8 स्पोर्ट्स 2 (इंग्लिश कमेंट्री), और Unite8 स्पोर्ट्स 2 HD (इंग्लिश कमेंट्री) पर मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।
ऑनलाइन कहां पर देखें मुकाबला
भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और जी5 की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकेगी। फुटबॉल प्रेमी अपने मोबाइल फोन, टैबलेट, लैपटॉप या अन्य डिजिटल डिवाइस के जरिए कहीं भी और कभी भी मैचों का आनंद ले सकेंगे। इस तरह दर्शकों को टीवी के अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी विश्व कप के हर रोमांचक पल से जुड़े रहने का मौका मिलेगा।