फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी दौर में पहुंच गया है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में चार टीमों ने अपनी जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मुकाबलों के बाद फ्रांस, स्पेन, इंग्लैंड और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब ये चारों टीमें विश्व फुटबॉल की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी फीफा वर्ल्ड कप जीतने से सिर्फ दो कदम दूर हैं। सेमीफाइनल में खिताब के लिए जंग पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक हो गई है। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। जानें भारत में कब और कितने बजे से शुरू होगा सेमीफाइनल का मुकाबला
कब और किसके बीच होगा मुकाबला
फीफा विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में 14 जुलाई को फ्रांस और स्पेन आमने-सामने होंगे। वहीं इसके बाद 15 जुलाई को मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। दोनों मुकाबलों के विजेता फाइनल में पहुंचेंगे, इसलिए दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें इन दोनों हाई-वोल्टेज मैचों पर टिकी हुई हैं। वहीं भारत में मुकाबलों और समय की टाइमिंग भी बदल गई है।
भारत में कब देख पाएंगे मुकाबला
फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेले जा रहे हैं। ये मुकाबले अमेरिकी समय के अनुसार दोनों मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होंगे, लेकिन भारत और अमेरिका के बीच करीब 9 घंटे 30 मिनट का समय अंतर होने के कारण इन मैचों का समय भारत में अलग रहेगा। भारतीय समय के अनुसार फ्रांस बनाम स्पेन का पहला सेमीफाइनल 15 जुलाई की रात 12:30 बजे से देखा जा सकेगा। वहीं इंग्लैंड बनाम अर्जेंटीना का दूसरा सेमीफाइनल 16 जुलाई की रात 12:30 बजे शुरू होगा। ऐसे में भारतीय दर्शकों को दोनों मुकाबले देर रात देखने को मिलेंगे।
वर्ल्ड कप में क्वार्टर फाइनल के मुकाबले
क्वार्टर फाइनल में फ्रांस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोरक्को को 2-0 से हराकर विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं स्पेन ने रोमांचक मुकाबले में बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। इंग्लैंड ने क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे को 2-1 से हराकर अंतिम चार में अपनी जगह बनाई है। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को अतिरिक्त समय में 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। फीफा वर्ल्ड कप में अब इन सभी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है।