IND vs Wales: FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ मुकाबले से किया है। भारतीय हॉकी टीम ने वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराकर शानदार शुरुआत की है। दोनों टीमों के बीच पूल D का ये मैच नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेला गया। एम्सटेलवीन में खेले गए पूल D के मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले ही क्वार्टर में बढ़त बना ली थी। संजय राणा और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए भारत के लिए गोल किए। वहीं चौथे क्वार्टर में वेल्स एक ही गोल कर सकी। भारत का अब अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा।
हरमनप्रीत सिंह ने किए दो गोल
वेल्स के खिलाफ मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने मुकाबले में दो गोल किए। भारत के लिए पहला गोल संजय ने आठवें मिनट में किया, इसके बाद हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में गोल दागकर टीम की बढ़त बढ़ा दी। तीसरे क्वार्टर में कप्तान ने अपना दूसरा गोल किया। वेल्स ने आखिरी क्वार्टर में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारत की जीत नहीं रोक सका। इस मैच में भारतीय टीम की नई भगवा जर्सी भी पहली बार मैदान पर नजर आई।
कैसा था भारत और वेल्स का मुकाबला
भारत ने वेल्स के खिलाफ मैच में शुरुआत से ही अच्छा खेल दिखाया और पहले क्वार्टर में दो गोल कर बढ़त बना ली। संजय राणा ने 8वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। इसके बाद 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग फ्लिक से दूसरा गोल कर दिया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को मौके मिले, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सका और हाफ टाइम तक भारत 2-0 से आगे रहा। तीसरे क्वार्टर में 42वें मिनट पर मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए हरमनप्रीत ने फिर गोल किया और भारत की बढ़त 3-0 कर दी। वहीं चौथे क्वार्टर में वेल्स ने एक गोल ही कर पाई।
अब कब होगा भारत का मुकाबला
वेल्स के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा। दोनों टीमें सोमवार, 17 अगस्त को पूल D के मैच में आमने-सामने होंगी। इसके बाद भारत 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगा। टीम की कोशिश इन दोनों मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन कर अपनी स्थिति मजबूत करने की होगी।