एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। 26 सितंबर, शनिवार को भारत को कबड्डी में दूसरा गोल्ड मिला है। पवन सेहरावत की कप्तानी में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। फाइनल में भारत ने ईरान को 40-34 से हराया। वहीं इससे पहले विमेंस कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।
फाइनल में भारत और ईरान के बीच मुकाबला काफी कड़ा रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने आखिर तक बढ़त बनाए रखी और जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स के पुरुष कबड्डी इतिहास में अपना नौवां स्वर्ण पदक हासिल किया।
भारत ने अबतक जीते 4 गोल्ड मेडल
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में अब तक चार गोल्ड मेडल जीत लिए हैं। एशियन गेम्स में भारत के लिए पहला गोल्ड महिला क्रिकेट टीम ने जीता था। वहीं इसके बाद शूटिंग मिक्स्ड टीम और कबड्डी की महिला व पुरुष टीमों ने गोल्ड जीता। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 28 हो गई है, जिसमें 4 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर है। वहीं चीन सबसे ऊपर है, जबकि जापान दूसरे और दक्षिण कोरिया तीसरे स्थान पर है।
एशियन गेंम्स में भारत का प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। ग्रुप ए के पहले मुकाबले में भारत ने 21 सितंबर को जापान को 49-24 से हराया। इसके बाद टीम ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ 63-31 से बड़ी जीत दर्ज की। भारत का शानदार प्रदर्शन आगे भी जारी रहा और उसने बांग्लादेश को 48-25 तथा चीनी ताइपे को 37-21 से हराकर ग्रुप चरण में अपना दबदबा बनाए रखा। एशियन गेम्स 2026 के पुरुष कबड्डी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट पक्का किया। शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने थाईलैंड को 66-28 के बड़े अंतर से हराया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में ईरान ने चीनी ताइपे को 59-21 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
कबड्डी में भारत का इतिहास
एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी की शुरुआत 1990 में हुई थी और तब से भारत का इस खेल में दबदबा रहा है। भारत ने 2018 को छोड़कर हर बार पुरुष कबड्डी में गोल्ड मेडल जीता है। 2018 के एशियन गेम्स में भारतीय टीम फाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी और उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा था। इसके बाद टीम ने फिर से मजबूत वापसी की और अब 2026 में एक बार फिर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
महिला कबड्डी टीम ने ईरान को दी मात
इससे पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में भारत ने ईरान को 37-34 से हराकर खिताब जीत लिया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और आखिरी समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। इस जीत के साथ भारत ने महिला कबड्डी में अपना चौथा एशियन गेम्स गोल्ड मेडल हासिल किया।