Asian Games: हॉकी से लेकर क्रिकेट तक...भारत-पाकिस्तान मुकाबले का क्रेज, टूटे व्यूअरशिप के कई रिकॉर्ड

Asian Games 2026: फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकबला हमेशा से काफी पसंद रहा है। एशियन गेम्स में भारत ने हॉकी और क्रिकेट दोनों में पाकिस्तान को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। OCA के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट फाइनल और हॉकी सेमीफाइनल को दर्शकों ने काफी पसंद किया

अपडेटेड Oct 04, 2026 पर 3:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
OCA ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों को शानदार सुविधाओं और बेहतर माहौल के साथ खेलों में हिस्सा लेने का मौका मिला

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के आइची-नागोया संस्करण को लेकर ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने बड़ी जानकारी साझा की है। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट फाइनल और हॉकी सेमीफाइनल को दर्शकों ने काफी पसंद किया। दोनों ही खेलों में भारत ने पाकिस्तान को मात दी थी। OCA ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों को शानदार सुविधाओं और बेहतर माहौल के साथ खेलों में हिस्सा लेने का मौका मिला। OCA ने 212 एशियन गेम्स रिकॉर्ड टूटने का भी जिक्र किया और कहा कि आइची-नागोया गेम्स कई मायनों में खास रहे।

भारत ने पाकिस्तान को दी मात

फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकबला हमेशा से काफी पसंद रहा है। एशियन गेम्स में भारत ने हॉकी और क्रिकेट दोनों में पाकिस्तान को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया और फाइनल में पहुंचा। इसके बाद भारत ने फाइनल में मलेशिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं, पुरुष क्रिकेट के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस तरह भारत ने दोनों खेलों में जीत हासिल कर देश को दो गोल्ड मेडल दिलाए।


मैच ने तोड़ा सभी रिकॉर्ड

OCA कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष तैयब इकराम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, "इस बार एशियन गेम्स की ब्रॉडकास्ट व्यूअरशिप ने अब तक के सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए दो बड़े मुकाबलों ने दर्शकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।" उनके मुताबिक, "शनिवार को खेला गया भारत-पाकिस्तान क्रिकेट फाइनल सबसे ज्यादा देखा गया मैच रहा। वहीं इससे एक दिन पहले गुरुवार को हुआ भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला हॉकी मैच बना।"

शेयर नहीं किया कोई आकड़ा

उन्होंने व्यूअरशिप से जुड़ा कोई आंकड़ा साझा नहीं किया और न ही यह बताया कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट और हॉकी मैच में से किस मुकाबले को ज्यादा दर्शकों ने देखा। उन्होंने कहा कि पहली बार OCA ने इन एशियन गेम्स में सुरक्षा को लेकर एक नया तरीका अपनाया। उनके मुताबिक, पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया और एथलीट्स, एशियन फेडरेशन और राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों के लिए गेम्स को सुरक्षित बनाया गया। एशियन गेम्स के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों के रहने की व्यवस्था को लेकर आयोजकों की काफी आलोचना हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।