ISL: भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए खुशखबरी, 14 फरवरी से शुरू होगा ISL...खेलेंगी 14 टीमें

Indian Super League: इंडियन सुपर लीग (ISL) की शुरुआत 14 फरवरी से होगी। इसमें कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और इन टीमों के बीच कुल 91 मैच खेले जाएंगे। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने खुद इसकी घोषणा की है

अपडेटेड Jan 06, 2026 पर 11:20 PM
इंडियन सुपर लीग (ISL) 14 फरवरी से शुरू होगी

भारतीय फुटबॉल को लेकर बड़ी खबर आ रही है। इंडियन सुपर लीग (ISL) की शुरुआत 14 फरवरी से होगी और इस सीजन में 14 टीमों के बीच 91 मैच खेले जाएंगे। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने खुद इसकी घोषणा की है। केंद्रीय खेल मंत्री ने बताया कि इंडियन सुपर लीग (ISL) को दोबारा शुरू किया जाएगा। कमर्शियल पार्टनर न मिलने की वजह से लीग को कुछ समय के लिए रोक दिया गया था, लेकिन अब यह 14 फरवरी से फिर शुरू होगी। इस लीग में सभी 14 क्लब हिस्सा लेंगे, जिससे फुटबॉल प्रेमियों को एक बार फिर रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

15 फरवरी से शुरू होगा ISL

केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा,"ISL को लेकर काफी अटकलें चल रही थीं। उन्होंने बताया, आज सरकार, ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन और 14 क्लबों, जिनमें मोहन बागान और ईस्ट बंगाल भी शामिल हैं के साथ बैठक हुई है। इस बैठक में फैसला लिया गया कि इंडियन सुपर लीग (ISL) 14 फरवरी से शुरू होगी और सभी क्लब इसमें हिस्सा लेंगे।" इस लंबे समय से अटके फैसले की घोषणा के वक्त ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन AIFF के अध्यक्ष कल्याण चौबे भी मौजूद थे।


कितने मैच खेले जाएंगे?

ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने अपने बयान में कहा, 'इंडियन सुपर लीग में शामिल सभी 14 टीमें सिंगल-लेग राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी।' फेडरेशन ने ये भी बताया कि 'क्लबों के साथ आगे की बातचीत पूरी होने के बाद मैचों का पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा।' बताया गया कि इंडियन सुपर लीग (ISL) में कुल 91 मैच खेले जाएंगे, जो होम और अवे फॉर्मेट में होंगे। हालांकि, मैचों से जुड़ी लॉजिस्टिक्स और बाकी व्यवस्थाओं को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कौन-कौन सी टीम ले रही हिस्सा

ISL में हिस्सा लेने वाले 14 क्लबों में मोहन बागान, ईस्ट बंगाल, मोहम्मदन FC, केरला ब्लास्टर्स, FC गोवा, मुंबई सिटी FC, चेन्नईयिन FC, SC दिल्ली, बेंगलुरु FC, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड FC, जमशेदपुर FC, ओडिशा FC और इंटर काशी शामिल है। ये सभी टीमें लीग में एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी।

AIFF अध्यक्ष ने क्या कहा

कल्याण चौबे ने बताया कि, "इंडियन सुपर लीग (ISL) के आयोजन के लिए 25 करोड़ रुपये का एक सेंट्रल फंड बनाया गया है। इसमें 10 परसेंट हिस्सा ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) देगा। पहले 30 प्रतिशत राशि कमर्शियल पार्टनर से आनी थी, लेकिन फिलहाल कोई पार्टनर न होने की वजह से AIFF ही उस हिस्से में मदद करेगा।"

चौबे के मुताबिक, जब तक नया कमर्शियल पार्टनर नहीं मिलता, तब तक AIFF ISL के लिए करीब 14 करोड़ रुपये और आई-लीग के लिए लगभग 3.2 करोड़ रुपये देगा।" उन्होंने ये भी बताया कि, लीग को बेहतर तरीके से चलाने के लिए आगे चलकर एक गवर्निंग काउंसिल बनाई जाएगी, जिसे सभी कमर्शियल फैसले लेने का अधिकार होगा। वहीं आई-लीग भी, जो फिलहाल रुकी हुई थी, लगभग उसी समय शुरू होगी। इसमें सभी 11 क्लब हिस्सा लेंगे। यह टूर्नामेंट आकार में छोटा होगा, जिसमें कुल 55 मैच खेले जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।