IPL का 19वां सीजन शुरू हुआ भी नहीं है कि लीग की दो चैंपियन टीमों की बिक्री हो गई है। राजस्थान रॉयल्स के बाद अब मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को भी नए मालिक मिल गए हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन ने मिलकर टीम को करीब 1.78 बिलियन डॉलर (लगभग 16,706 करोड़ रुपये) में खरीद लिया है। यह आईपीएल इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी डील मानी जा रही है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की बिक्री 1.63 बिलियन डॉलर (लगभग 15,300 करोड़ रुपये) में हुई थी।
RCB को खरीदने में कई बड़े निवेशकों की दिलचस्पी थी। रंजन पाई के नेतृत्व वाले एक समूह ने भी बोली लगाई थी, जिसे कोहलबर्ग क्रैविस रॉबर्ट्स और टेमासेक का समर्थन मिला था। इसके अलावा EQT और प्रेमजी इन्वेस्ट का एक अलग समूह भी इस रेस में शामिल था। बिड़ला, ब्लिट्जर, ब्लैकस्टोन और टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) का गठबंधन अपनी मजबूत बोली के चलते सबसे आगे निकल गया। शुरुआत में इस समूह ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने पर विचार किया था, लेकिन बाद में उन्होंने RCB को खरीदने का फैसला किया।
आदित्य बिड़ला ग्रुप ने कही ये बात
इस नए सेटअप में आर्यमन विक्रम बिड़ला चेयरमैन होंगे, जबकि सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा, मालिकाना समूह में बोल्ट वेंचर्स के संस्थापक डेविड ब्लिट्ज़र और BXPE के CEO वायरल पटेल भी शामिल हैं। आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, “पिछले 20 सालों में IPL एक बड़ी वैश्विक खेल ताकत बनकर उभरा है। इसने भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है और देश के लिए काफी मूल्य पैदा किया है। उन्होंने आगे कहा कि RCB आज के समय की सबसे आकर्षक टीमों में से एक है। यह आदित्य बिड़ला ग्रुप के लिए अपनी संस्था बनाने की विरासत को खेल की दुनिया में आगे बढ़ाने का एक शानदार मौका है।
डेविड ब्लिट्ज़र ने कहा, “RCB का फैन बेस दुनिया के सबसे मजबूत और खास फैन बेस में से एक है। वहीं IPL भी वैश्विक खेलों की सबसे तेजी से बढ़ती और सफल लीग्स में से एक है। दुनिया भर में अलग-अलग क्लबों और लीग में निवेश करने के बाद मुझे लगता है कि RCB में सबसे अलग और बड़ा मौका है। हम अपने पार्टनर्स और BCCI के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्साहित हैं, ताकि टीम को चैंपियन बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।”
RCB आईपीएल की पुरानी टीमों में से एक है। इसे पहले विजय माल्या की यूनाइटेड ब्रुअरीज ग्रुप ने करीब 111.6 मिलियन डॉलर (आज के हिसाब से लगभग 1,043 करोड़ रुपये) में खरीदा था।
अब इस नई डील के साथ टीम की कीमत में लगभग 1,360% की जबरदस्त बढ़ोतरी हो चुकी है, जो IPL की बढ़ती लोकप्रियता और कमाई को भी दिखाता है। विजय माल्या 2016 तक टीम का मुख्य चेहरा रहे। लेकिन वित्तीय घोटालों और कर्ज न चुका पाने के कारण उन्हें पद छोड़ना पड़ा। उनके जाने के बाद भी टीम का मालिकाना हक यूनाइटेड स्पिरिट्स के पास ही रहा, जिसे बाद में ब्रिटेन की कंपनी डियाजियो ने खरीद लिया था। डियाजियो के आने के बाद टीम को बड़ी सफलता मिली। RCB ने 2024 में अपना पहला विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) खिताब जीता और 2025 में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ट्रॉफी अपने नाम की।